भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन टूटने के एक दिन बाद जननायक जनता पार्टी आज हिसार में नव संकल्प रैली करने जा रही है। जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला के जन्मदिन पर हिसार के रामलीला मैदान में इस रैली का आयोजन हो रहा है। रैली को लेकर सभी की निगाहें दुष्यंत चौटाला के संबोधन पर रहेगी। जजपा लोकसभा चुनाव 2024 के लिए एक या दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी या फिर सभी दस सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी, यह आज पता चल जाएगा। यही नहीं, हरियाणा में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भी स्पष्ट संकेत मिल सकता है। आइये राजनीति की इस बड़ी खबर की तमाम अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहिये...

दुष्यंत बोले- बीजेपी ने रोहतक सीट ऑफर की, लेकिन...

दुष्यंत चौटाला ने रैली को बेहद ही आक्रामक अंदाज में संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि अजय चौटाला का जन्मदिवस हमारे चेहरे पर मायूसी की बजाए खुशियां लेकर आया है। कल की घटना पर चर्चा की, तो कहा कि गाय तो गई, खूंटा भी पाड़ ले गई। उन्होंने कहा कि हम निराश नहीं हैं। नड्डा जी से मुलाकात के दौरान ऑफर दिया था कि रोहतक से लोकसभा चुनाव लड़ लो। मैंने अजय चौटाला से बात की तो उन्होंने कहा कि बीजेपी को जाकर बता दो कि अगर पेंशन 5100 रुपये कर दो, तो एक भी टीम नहीं चाहिए। 

पूर्व सीएम मनोहर लाल और अनिल विज पर कसा तंज

दुष्यंत ने आगे कहा कि उन्होंने यह बात रात को एक बजे उनसे जाकर कही। उन्होंने कहा कि विचार करके बताएंगे। दुष्यंत ने तंज कसते हुए कहा कि मुझे नहीं पता था कि मेरे साथ खट्टर जी और विज जी की भी कुर्सी चली जाएगी। 

इस बार 50 सीटें हासिल करेंगे 

दुष्यंत ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता उत्साहित हैं। उनका उत्साह दिखाई दे रहा है। हमें फिर से मतदाताओं के पास जाएंगे। पिछली बार 15 प्रतिशत वोट मिले थे। दस सीटें मिली थी, अगली बार 50 से अधिक सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि अजय चौटाला जो भी कहेंगे, वही होगा। उन्होंने अजय चौटाला को भरोसा दिलाया कि डबल मेहनत करके पार्टी को जीताएंगे। 

दुष्यंत रैली स्थल पर पहुंचे, सीएम आए के लगे नारे

दुष्यंत चौटाला भी रैली स्थल पर पहुंच गए हैं। उन्हें देखकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया। कार्यकर्ताओं ने आया सीएम, आया सीएम के नारे लगाए। इससे पहले राजस्थान जजपा के प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वी राज मील ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि दुष्यंत के साथ जो कुछ हुआ, उसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। हरियाणा में दुष्यंत का राज होगा।

वहीं, विधायक रामकरण काला ने कहा कि छह महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। अभी जो कुछ हुआ, उससे कार्यकर्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। कार्यकर्ताओं को बस अब पूरी मेहनत लगाकर काम करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले चुनावों में जजपा को जीत मिलेगी और दुष्यंत चौटाला प्रदेश के सीएम बनेंगे। यह बयान दर्शाता है कि शायद दुष्यंत भी लोकसभा चुनाव की बजाए विधानसभा चुनावों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। 

हिसार रैली में दुष्यंत चौटाला और अजय चौटाला।
 अजय चौटाला, दिग्विजय चौटाला रैली में पहुंचे 

जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला और दिग्विजय चौटाला रैली में पहुंच चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। उनके आगमन से पहले कार्यकर्ताओं ने रागनी का लुत्फ लिया। कुछ देर में दुष्यंत चौटाला भी पहुंचने वाले हैं। 

दोपहर एक बजे रैली में पहुंचेंगे दुष्यंत चौटाला 

जजपा की नवसंकल्प रैली का समय सुबह 11 बजे रखा गया था। अब बताया जा रहा है कि पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला दोपहर 1 बजे तक रैली में पहुंच जाएंगे। उधर, जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने आज सिरसा में केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। वे भी हिसार के लिए रवाना हो चुके हैं। उधर, खबर सामने आई है कि नायब सिंह सैनी की सरकार का फ्लोर टेस्ट चल रहा है। व्हिप के बाद जजपा के चार विधायक वहां पहुंच गए हैं। यहां पढ़िये विस्तृत खबर... 

मिशन दुष्यंत 2024 का दिया गया नारा

भारतीय जनता पार्टी ने मिशन 2024 के लिए 400 सीटों का नारा दिया था। अब जजपा ने मिशन 2024 के लिए दुष्यंत लिखा है। मतलब यह है कि आने वाले चुनावों में दुष्यंत चौटाला को भारी मतों से विजयी बनाएं। पिछले विधानसभा चुनाव में दुष्यंत चौटाला की जजपा को दस सीटें मिली थीं। दुष्यंत चौटाला हिसार लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। हालांकि बीजेपी से गठबंधन टूटने के बाद जजपा को कमजोर बताया जा रहा है। ऐसे में जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन पर आयोजित हो रही इस रैली में दुष्यंत अपने विरोधियों पर खासा प्रहार कर सकते हैं।