haribhoomi hindi news
हैदराबाद निवासी बंधला ऋषिकेश ने पिंजौर स्थित अमरावती एन्क्लेव में 4 दिन पहले ही लिया कमरा किराए पर लिया था। जिसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर पुलिस भी हैरान है।

Panchkula Murder Mystery: पंचकूला के पिंजौर स्थित अमरावती एन्क्लेव में एक 26 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हैदराबाद निवासी बंधला ऋषिकेश के रूप में हुई है। घटना स्थल का मंजर इतना खौफनाक था कि कमरे की दीवारों पर खून से सुसाइड नोट जैसा मैसेज लिखा मिला है, जिसमें एक जगह लिखा है- "मैं पुलिस को कॉल करने में असमर्थ हूं।"

फर्श पर पड़ी मिली लाश
घटना का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ जब ऋषिकेश काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकले। मकान मालिक के शोर मचाने और दरवाजा न खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। अमरावती चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह ने टीम के साथ पहुंचकर जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर ऋषिकेश का खून से लथपथ शव पड़ा था। पास ही सब्जी काटने वाला एक चाकू भी बरामद हुआ है।

खून से सनी दीवारें 
पुलिस जांच में कमरे के अंदर संघर्ष के साफ संकेत मिले हैं। कमरे का सामान बिखरा हुआ था और एलईडी टीवी फर्श पर टूटा पड़ा मिला। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कमरे की दो दीवारों पर करीब 6 फीट की ऊंचाई तक खून से 15 से अधिक लाइनें लिखी गई हैं। पुलिस इन लाइनों को डीकोड करने की कोशिश कर रही है। मैसेज में लिखा गया है कि "उसने सब कुछ तोड़ दिया, मैं पुलिस को कॉल नहीं कर पा रहा हूं।"

10 दिन पहले ही शुरू की थी नौकरी
ऋषिकेश ने बीते 30 मार्च को ही पिंजौर की एक टेक्नोलॉजी कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर नौकरी जॉइन की थी। उसने महज 4 दिन पहले ही अमरावती एन्क्लेव में यह कमरा किराए पर लिया था। पुलिस का प्राथमिक अंदाजा सुसाइड का है, लेकिन कमरे की हालत और दीवार पर लिखे संदेश मर्डर की ओर भी इशारा कर रहे हैं।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया
पुलिस ने मृतक का फोन कब्जे में ले लिया है, जो फिलहाल लॉक है। परिजनों को सूचना देने के लिए हैदराबाद पुलिस से संपर्क किया गया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7