MP Accidents: मध्यप्रदेश में शुक्रवार को दो बड़े हादसे हुए। एक हादसा खंडवा में हुआ तो दूसरा महेश्वर में। दोनों ही हादसों में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। खंडवा जिले में मूंदी सनावद हाइवे पर 40 लोगों से भरा ट्रक पलटा वहीं महेश्वर में एक पिकअप वाहन ने बारातियों को रौंद दिया। इस हादसे में दूल्हे समेत 25 लोग घायल हुए।
खंडवा सड़क हादसा
खंडवा के मूंदी सनावद हाइवे पर डुडगांव में 40 लोगों से भरा ट्रक हादसे का शिकार हो गया। हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 36 लोग घायल हुए। घायलों में से 14 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक में सवार सभी लोग ठुकरा देवला गांव गए थे। हादसे के बाद सभी को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। इनमें से 14 लोगों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है।
लोगों ने बताया है कि, दो ट्रक आपस में रेस लगा रहे थे। जिस वाहन पर वे सवार थे वह एक दूसरे ट्रक से टकरा गया। इसके बाद गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और फिर गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग वाहन के नीचे भी दब गए थे। आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मदद की। पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद कुछ घायलों को एम्बुलेंस और कुछ को प्राइवेट वाहन से अस्पताल में भर्ती किया गया।
पुलिस का कहना है कि, ओवरलोडिंग और ओवरटेक के कारण इतना भीषण हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
महेश्वर सड़क हादसा
महेश्वर के गुर्जर मोहना गांव में शुक्रवार को हादसा हुआ। यहां कुछ बाराती रास्ते में नाचते हुए जा रहे थे। तभी पिकअप वाहन ने बारातियों को कुचल दिया। दूल्हे समेत 25 लोग इस हादसे में घायल हुए हैं। दूल्हे की बहन की स्थिति गंभीर है। उसे इलाज के लिए खरगोन के जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
लोगों ने बताया कि, बारात सजनीखेड़ा से बड़ीपुरा जा रही थी। इस दौरान बारात के पीछे चल रहे पिकअप वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद पिकअप वाहन ने बारातियों को कुचल दिया और करीब 100 मीटर आगे जाकर एक नीम के पेड़ से टकरा गया। हादसे में कुछ मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस ने बताया कि, पिकअप वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)










