इलेक्ट्रिक बसों की मिली सौगात: यमुनानगर को पहले चरण में मिली 5 बस, जल्द होंगी बढ़कर 50

Transport Minister and others starting the electric bus service after offering prayers at Jagadhri b
X
यमुनानगर के जगाधरी बस स्टैंड पर पूजा अर्चना के बाद इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करते परिवहन मंत्री व अन्य।
हरियाणा के यमुनानगर को 5 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिली। जल्द ही बसों की संख्या को बढ़ाकर 50 किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों का किराया भी निर्धारित कर दिया गया है।

Yamunanagar: सरकार द्वारा पांच इलेक्ट्रिक बसों की सौगात यात्रियों को दी गई। परिवहन एवं उच्चतर शिक्षा मंत्री मूल चंद शर्मा ने जगाधरी बस स्टैंड पर रिबन काटकर इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरूआत की। पहले चरण में जिले को पांच इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं। बाद में बसों की संख्या को बढ़ाकर 50 किया जाएगा। एक सप्ताह तक बस सेवा नगर वासियों के लिए निशुल्क होंगी। इसके बाद बस का किराया 10 रुपए से 50 रुपए के बीच में होगा।

इलेक्ट्रिक बसों की 9 जिलों में की जाएगी शुरूआत

मंत्री मूल चंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत प्रदेश के नौ शहरों में की जा रही है। प्रदेश में 375 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी गई है जो प्रदूषण रहित है। पहले चरण में पानीपत और यमुनानगर नगर निगम में यह बसें चलाई जा रही है। इसकी शुरुआत रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पानीपत के बस अड्डे से की है। इस सिटी बस सर्विस के लिए सरकार द्वारा जेबीएम कंपनी के साथ 12 साल का समझौता हुआ है। इस समझौते में सरकार 12 साल में 2450 करोड़ रुपए खर्च करेंगी। बस के सभी खर्चे कम्पनी द्वारा किए जाएंगे, परंतु परिचालक हरियाणा रोडवेज का होगा।

हरियाणा रोडवेज के प्रति यात्रियों का बढ़ा विश्वास

परिवहन मंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हरियाणा रोडवेज के प्रति यात्रियों का विश्वास बढ़ा है। देश के किसी भी प्रदेश में हरियाणा रोडवेज जैसी सुविधा नहीं दी जाती। रोडवेज में काम करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की दिक्कतों का समाधान तुरंत किया जा रहा है। जिस भी अधिकारी की प्रमोशन लंबित है उसे तुरंत बिना किसी विलम्ब के दिया जा रहा है। पिछले दिनों हरियाणा रोडवेज में 1350 बसें शामिल की गई थी, बहुत सी बसें कंडम हो गई थी, अब नई बसों को डिपो में भेजा गया है।

प्रदेश में बसों की संख्या बढ़कर हुई 4150

मंत्री मूलचंद शर्मा ने बताया कि प्रदेश में करीब 4150 बसों का बेड़ा है। कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा रोडवेज में 3500 ड्राइवर व कंडक्टरों की भर्ती और इसके अतिरिक्त 1500 भर्ती एचकेआरएन के तहत की गई है। हरियाणा रोडवेज में प्रतिदिन करीब 11 लाख यात्री 11 लाख किलोमीटर की यात्रा करते है। इलेक्ट्रिक बस का किराया भी 10 रुपए से 50 रुपए के बीच में होगा। यमुनानगर में 1 से 5 किलोमीटर के लिए 10 रुपए, 5 से 8 किलोमीटर के लिए 15 रुपए तथा 8 से 20 किलोमीटर के लिए 20 रुपए किराया चार्ज किया जाएगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story