हरियाणा के फरीदाबाद के भूपानी थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला बोल दिया। इस दौरान न केवल पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की गई, बल्कि एक सब-इंस्पेक्टर (SI) को युवक ने फिल्मी अंदाज में कंधे पर उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस हमले में दारोगा की वर्दी फट गई और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
शादी के बाद मामूली बात पर शुरू हुआ था विवाद
पूरा मामला पुरानी भूपानी गांव का है। जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात राजपाल नामक व्यक्ति के घर में शादी का समारोह था। शाम के वक्त जब बारात विदा होकर चली गई और परिवार के लोग घर लौटे, तभी पड़ोस में रहने वाले गजराज के परिवार के साथ उनकी किसी बात पर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह मामूली बहस हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों परिवारों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। राजपाल के पक्ष ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय भूपानी थाने को दी।
पुलिस टीम पर टूट पड़े आरोपी
झगड़े की शिकायत मिलते ही सब-इंस्पेक्टर देशराज के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित परिवार ने रोहित, आकाश, तोताराम और गजराज समेत कई लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया। जब पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ करने और उन्हें हिरासत में लेने के लिए उनके घर पहुंची, तो वहां मौजूद महिलाएं और पुरुष पुलिस पर ही भड़क गए।
आरोप है कि जब एसआई देशराज ने तोताराम नामक आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने और उसके साथियों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक ने सारी हदें पार करते हुए सब-इंस्पेक्टर को कंधे पर उठाया और सड़क पर पटक दिया। इस दौरान महिलाओं ने भी पुलिसकर्मियों के कॉलर पकड़े और उनके साथ बदतमीजी की।
जान बचाकर निकली पुलिस, बाद में आरोपी गिरफ्तार
मौके पर हालात बेकाबू होते देख और खुद को घिरता पाकर पुलिसकर्मियों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया। भारी पुलिस फोर्स के साथ दोबारा गांव में दबिश दी गई। इस बार पुलिस ने सख्ती बरतते हुए मौके से आकाश, भोला उर्फ तोताराम, रोहतास, गजराज और महाबीरी सहित मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सीसीटीवी में कैद हुई दबंगई
यह पूरी घटना गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए कानून को ठेंगे पर रख रहे हैं और वर्दीधारी अधिकारी के साथ मारपीट कर रहे हैं।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोक सेवक पर हमला करने, वर्दी फाड़ने और मारपीट करने जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










