हरियाणा के फरीदाबाद जिले के डबुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बाजड़ी में छह से अधिक नकाबपोश युवकों ने तीन छात्रों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने छात्रों को सड़क से घसीटकर खेत में ले जाकर जमीन पर गिरा-गिराकर लाठियों से पीटा। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव करने की जहमत नहीं उठाई।
हमलावरों ने अपने चेहरे को कपड़े से ढका हुआ था
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर अपने चेहरे को कपड़े से ढके हुए थे और उनके हाथों में मोटे लाठी-डंडे थे। आरोपियों ने पहले तीनों छात्रों को घेरा और फिर एक कमरे के बाहर उन्हें पकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उन पर तब तक लाठियां बरसाई गईं, जब तक कि वे अधमरे नहीं हो गए। हमले में घायल हुए तीनों छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि जब यह खूनी खेल चल रहा था, तब वहां कई लोग मौजूद थे। भीड़ में से ही किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया, लेकिन गुंडों के डर से कोई भी छात्रों की मदद के लिए आगे नहीं आया। अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए।
पुरानी रंजिश और गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस मारपीट की जड़ में पुरानी रंजिश थी। डबुआ थाना पुलिस को दी गई शिकायत में विकास त्यागी ने बताया कि उनके भतीजे देव (उर्फ रामजीलाल) का गांव के ही रहने वाले गोलू नामक युवक के साथ कुछ समय पहले विवाद हुआ था। यह झगड़ा गोलू द्वारा गाली दिए जाने पर शुरू हुआ था, जिसके बाद देव और उसके साथी तुषार ने गोलू की पिटाई कर दी थी। इसी अपमान का बदला लेने के लिए गोलू ने अपने साथियों को इकट्ठा किया और योजनाबद्ध तरीके से हमला बोल दिया।
खेत में घसीटकर ले गए
विकास त्यागी के अनुसार 15 मार्च को गोलू अपने साथ लाठी-डंडों से लैस कई युवकों को लेकर खेतों पर पहुंचा। वहां आरोपियों ने उनके बेटे तुषार, भतीजे अंशुल और उनके मित्र अभिषेक को घेर लिया। हमलावर इतने आक्रोश में थे कि उन्होंने तीनों को सड़क से घसीटकर पास के खेत में ले जाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले में छात्रों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ितों में से कुछ छात्र 10वीं कक्षा के हैं, जबकि एक युवक निजी नौकरी करता है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्यों की तलाश जारी
वारदात का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद डबुआ थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान शुरू की। थाना प्रभारी संग्राम सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। फरार चल रहे अन्य हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।










