Logo
EV Charging: देश में इलेक्ट्रिक व्हीकल फास्ट चार्जिंग नेटवर्क तैयार करने के लिए महिंद्रा अपने Charge_iN फास्ट चार्जिंग नेटवर्क को HPCL के पेट्रोल पंप्स पर सेटअप करेगी। सुलभ चार्जिंग इंफ्रा से EV अपनाने में तेजी की उम्मीद है।

EV Charging Network: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस सहयोग का उद्देश्य देशभर में फास्ट EV चार्जिंग नेटवर्क का तेजी से विस्तार करना है, जिससे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को नई रफ्तार मिल सके।

चार्जिंग नेटवर्क विस्तार पर फोकस
इस साझेदारी के तहत महिंद्रा अपने Charge_iN फास्ट चार्जिंग नेटवर्क को HPCL के पेट्रोल पंप्स पर स्थापित करेगी। इससे इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को हाईवे और शहरों दोनों जगहों पर आसानी से चार्जिंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। बेहतर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से EV अपनाने में तेजी आने की उम्मीद है।

HPCL का विशाल नेटवर्क बनेगा ताकत
HPCL के पास देशभर में 24,400 से अधिक फ्यूल स्टेशन का मजबूत नेटवर्क है। इसके अलावा कंपनी पहले से ही अपने ‘E-Charge’ ब्रांड के तहत 5,400 से ज्यादा EV चार्जिंग स्टेशन संचालित कर रही है। ऐसे में महिंद्रा के साथ यह साझेदारी चार्जिंग सुविधाओं को बड़े स्तर पर मजबूत करने में मदद करेगी।

हाई-स्पीड फास्ट चार्जिंग की सुविधा
इस प्रोजेक्ट के तहत लगाए जाने वाले चार्जर्स 180kW तक की हाई-स्पीड चार्जिंग को सपोर्ट करेंगे। यह महिंद्रा के मौजूदा Charge_iN नेटवर्क के अनुरूप होगा, जिससे कम समय में ज्यादा बैटरी चार्ज की जा सकेगी और लंबी दूरी की यात्रा आसान बनेगी।

2027 तक बड़ा लक्ष्य
महिंद्रा ने लक्ष्य रखा है कि वह 2027 तक देशभर में 1,000 Charge_iN चार्जिंग पॉइंट्स स्थापित करेगी। कंपनी ने इस नेटवर्क की शुरुआत हाल ही में की थी और अब HPCL के साथ मिलकर इसे तेजी से विस्तार देने की योजना बना रही है।

EV इकोसिस्टम को मिलेगा बढ़ावा
दोनों कंपनियों का मानना है कि यह साझेदारी भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की रफ्तार को तेज करेगी। बेहतर चार्जिंग सुविधा मिलने से ग्राहकों की रेंज एंग्जायटी और चार्जिंग को लेकर चिंता भी काफी हद तक कम होगी। गौरतलब है कि HPCL इससे पहले VinFast की चार्जिंग यूनिट ‘V-Green’ के साथ भी साझेदारी कर चुकी है। ऐसे में यह नया सहयोग भारत के EV इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

(मंजू कुमारी)

7