Logo
election banner
हरियाणा के फतेहाबाद में सीएम नायब सैनी लोकसभा चुनावों को लेकर शंखनाद करने जा रहे है, वहीं किसान संगठन सीएम को घेरने की तैयारी कर रहे है। किसानों ने 18 सवाल तैयार किए है, जिनका सीएम से जवाब मांगने की प्रयास किया जाएगा।

Fatehabad: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कल रतिया से लोकसभा चुनावों को लेकर चुनावी शंखनाद करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन जहां तैयारियों में जुटा है, वहीं किसान संगठन मुख्यमंत्री को घेरने की तैयारी कर रहे हैं। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष मनदीप नथवान ने वीडियो जारी कर अपने संगठन से जुड़े किसानों को रतिया बस स्टैंड के पास इकट्ठे होने को कहा है। उधर खेती बचाओ संघर्ष समिति ने अजीतसर गुरुद्वारा के पास 200 फीट का टेंट लगाने की योजना है। बताया जा रहा है कि सीएम के लिए यहीं पर हैलीपेड बनाया गया है। इसके अलावा किसानों के तीसरे संगठन भारतीय किसान यूनियन उग्राहां से जुड़े लोग बुढलाडा रोड पर इकट्ठे होकर विरोध करेंगे।

18 सवाल पूछेंगे किसान

वीडियो में किसान नेता मनदीप नथवान ने कहा कि सरकार ने अब तक बाढ़ का मुआवजा किसानों को नहीं दिया, किसानों के खिलाफ रोज नए कानून बनाए जा रहे हैं। किसानों को अपनी मांगों को लेकर दिल्ली नहीं जाने दिया गया, उनके रास्तों पर कीलें लगाई गई। इन सब सवालों सहित 18 सवाल उन्होंने तैयार किए हैं, जो वे हर मौके पर भाजपा प्रत्याशी से पूछ रहे हैं। यही 18 सवाल अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से रतिया आगमन पर पूछे जाएंगे। साथ ही उन्होंने अपने साथियों से भाषा की मर्यादा बनाए रखने और शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी साथी शरारत नहीं करेगा, नहीं तो भाजपा उन पर आरोप लगा सकती है।

मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर जिलाधीश ने ड्रोन व ग्लाइडर की उड़ान पर लगाया प्रतिबंध

जिलाधीश राहुल नरवाल ने 5 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सैनी के रतिया में कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से नगरपालिका रतिया व अनाज मंडी रतिया की 5 किलोमीटर तथा एयरस्ट्रिप/हेलीपैड के एक किलोमीटर दायरे में धारा 144 लगाते हुए किसी भी प्रकार के मानव रहित हवाई उड़ान जैसे ड्रोन/पैराग्लाइडर आदि का उपयोग व उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया। आदेशों की अवहेलना में दोषी व्यक्ति या व्यक्तियों पर भारतीय दंड प्रक्रिया नियमावली 1973 की धारा 188 के तहत कार्यवाही की जाएगी। जिलाधीश ने भारतीय दंड प्रक्रिया नियमावली 1973 की धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ये आदेश जारी किए। पेट्रोल पम्पों पर बोतल और कैन में डीजल और पेट्रोल ले जाने पर रोक रहेगी।

सीएम से इन सवालों का जवाब मांगेंगे किसान

1. किसानों को दिल्ली क्यों नहीं जाने दिया, उनको रोकने के लिए रास्तों में कीलें क्यों लगाई गई।
2. भाजपा ने अपने घोषणा पत्र के 10 साल बाद भी एमएसपी वादा पूरा क्यों नहीं किया।
3. प्रधानमंत्री मोदी ने स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू करने का वादा किया था, उसे पूरा क्यों नहीं किया गया।
4. बड़े-बड़े पूंजीपत्तियों के 16 लाख करोड़ माफ कर दिए गए, किसान मजदूर का एक भी पैसा क्यों नहीं माफ किया गया।
5. किसान जब बाढ़ से मर रहा था, तब आप कहां थे।
6. सभी बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा आज तक क्यों नहीं दिया गया।
7. मनरेगा में पिछले 10 सालों में एक बार भी पूरा 100 दिन का काम क्यों नहीं दिया गया।
8. किसान आंदोलन आपकी नजर में सही था या गलत। अगर सही था तो आप ने किसानों को सपोर्ट क्यों नहीं किया।
9. हर बार किसान को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का पैसा लेने के लिए धरने क्यों लगाने पड़े, बीमा योजना के पैसे का समय पर भुगतान क्यों नहीं किया जाता।
10. कृषि पर टोटल बजट का कितना पैसा खर्च होता है।
11. कोरोना काल में गरीब मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए बस ट्रेन क्यों नहीं चलाई गई, जबकि गरीब मजदूर हजारों किलोमीटर पैदल चलते हुए अपनी जान गंवाते हुए रास्तों में मारे गए।
12. कोरोना काल में टीका रेमडिसीवीर कंपनी का जो टेस्ट में फेल होने के बावजूद आपकी पार्टी ने रिश्वत लेकर उसको क्लीन चिट क्यों दे दी।
13. पिछले 10 सालों में आपके चुनावी क्षेत्र में बीजेपी सरकार ने कितने नए सरकारी स्कूल व कितने सरकारी अस्पताल खोले और कितने बंद किए।
14. गाय को माता माना गया है, आपकी पार्टी ने गायों को काटने वाली बीफ कंपनियों से चंदा क्यों लिया।
15. लखीमपुर खीरी में किसानों को अपनी गाड़ी से कुचलने वालों को सजा देने की बजाय बीजेपी ने दोबारा टिकट क्यों दिया।
16. पुलवामा हमला, जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे उसकी जांच क्यों नहीं हुई, दोषियों को आज तक भी सजा क्यों नहीं दी गई।
17. फैमिली आईडी के नाम पर मजदूरों को चक्कर क्यों काटने पड़ रहे हैं व बीपीएल कार्ड क्यों काटे जा रहे।
18. बिजली बिलों में सरचार्ज के नाम पर सरकार द्वारा गरीबों से हजारों रुपए क्यों वसूले गए।

5379487