AAP Rally in Kurukshetra: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने आज एक जनसभा को संबोधित किया। यहीं से लोकसभा चुनाव के प्रचार प्रसार का बिगुल फूंका। इस रैली में आम आदमी पार्टी के भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस रैली को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने बेरोजगारी और फ्री बिजली को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा।

इस मौके पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव धर्म और अधर्म के बीच की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि महाभारत में कौरवों के पस सब कुछ था और पांडवों के पास भगवान श्रीकृष्ण के अलावा कुछ नहीं था। उन्होंने कहा कि आज बीजेपी भले ही ताकतवर है, हम छोटे हैं, लेकिन हमारे पास भगवान कृष्ण हैं। उन्होंने दिल्ली और पंजाब के शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य उपलब्धियां गिनवाकर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुशील गुप्ता को विजयी बनाने का आह्वान किया। 

वहीं, रैली को संबोधित करते हुए सीएम भगवंत मान ने कहा कि हरियाणा समेत पूरा देश भाजपा की तानाशाही से परेशान है। इस तानाशाही सरकार के खिलाफ जनता को खड़ा होना होगा। पंजाब और दिल्ली की जनता ने विकास के लिए दोनों राज्यों में आम आदमी पार्टी की सरकार बना दी। दिल्ली और पंजाब के बीच में अब हरियाणा बचा है। उन्होंने सुशील गुप्ता के लिए भी अधिक से अधिक संख्या में वोट देने की अपील की। 

ये भी पढ़ें:- दिल्ली में आज से AAP का प्रचार अभियान शुरू, 'संसद में केजरीवाल दिल्ली और खुशहाल' का दिया नारा