हरियाणा के जींद जिले के पांडू पिंडारा गांव में एक परिवार पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विवाद की जड़ घर की बहू पर एक युवक की ओर से डाली जा रही गलत नजर बताई जा रही है। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने गंडासे और अवैध हथियारों से परिवार को निशाना बनाया। बदमाशों ने न केवल घर में घुसकर हमला किया, बल्कि गलियों और छतों से अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
महिला पर काफी समय से बुरी नजर रख रहा था युवक
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव के निवासी बलवान ने बताया कि वह खेती-बाड़ी कर परिवार का गुजर-बसर करता है। बलवान के अनुसार गांव का ही मनजीत नाम का युवक उनके परिवार की एक महिला पर काफी समय से बुरी नजर रख रहा था और अभद्र व्यवहार करता था। 15 मार्च को जब परिवार ने मनजीत की इस हरकत पर आपत्ति जताई, तो उनके बीच तीखी बहस हुई। मनजीत ने इसे अपनी बेइज्जती समझा और तभी से वह बलवान के परिवार से बदला लेने की फिराक में था।
साजिश के तहत घर से बाहर बुलाया
पीड़ित ने बताया कि रात करीब 10 बजे आरोपी महेंद्र और उसकी मां किताबों ने बातचीत के बहाने बलवान को घर से बाहर बुलाया। जैसे ही बलवान और उसकी पत्नी घर से बाहर आए, आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी हिंसक हो गए। इसी दौरान मनजीत हाथ में गंडासा लेकर आया और बलवान पर सीधा हमला कर दिया। हालांकि, बचाव के प्रयास में वह गंडासा गलती से मनजीत के अपने ही भाई को जा लगा, जिससे हमलावर पक्ष और अधिक उग्र हो गया।
छतों से अंधाधुंध फायरिंग कर ईंट-पत्थर फेंके
बलवान ने आरोप लगाया कि मनजीत के साथ 5-6 अज्ञात युवक भी हथियारों से लैस होकर आए थे। उनमें से एक ने बलवान पर गोली चला दी, जिससे बचने के लिए वह भागकर अपने घर की छत पर चढ़ गया। अपने बचाव में बलवान के दोहते श्रवण और भतीजे विक्की ने बदमाशों पर छत से ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। इसके बाद हमलावर पड़ोस में महेंद्र नामक व्यक्ति के मकान की छत पर चढ़ गए और वहां से नीचे खड़े परिवार के सदस्यों और बीच-बचाव करने आए ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
हमले में महिलाएं भी रहीं शामिल
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हमले में केवल पुरुष ही नहीं, बल्कि आरोपी पक्ष की महिलाएं सुनीता, दीक्षा और किताबो भी शामिल थीं। वे हाथों में डंडे लेकर परिवार को ललकार रही थीं और जान से मारने की धमकियां दे रही थीं। हमलावरों का तांडव काफी देर तक जारी रहा, जिससे गांव में डर का माहौल बन गया।
भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पीएसआई (PSI) सचिन कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल पांडू पिंडारा पहुंचा। गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के घर की छत और आसपास की गलियों से गोलियों के 14 खाली खोल और कारतूस बरामद हुआ है। सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं ताकि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत तैयार किए जा सकें।
मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
सिविल लाइन थाना पुलिस ने बलवान की शिकायत के आधार पर मनजीत, महेंद्र, सुरेंद्र, किताबो, सुनीता और दीक्षा सहित कई अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इन सभी पर भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत संगीन केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










