haribhoomi hindi news
अभय चौटाला ने मंडी में किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि जब वे मंडी आ रहे थे, तो रास्तों में ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। उन्होंने इस अव्यवस्था पर भारी आक्रोश जताया और सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि "सीएम नहीं पढ़ पाए अंग्रेजी की चिट्ठी"।

फतेहाबाद मंडी में अभय चौटाला: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला बुधवार को अपने कड़े तेवरों में नजर आए। फतेहाबाद अनाज मंडी के दौरे के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को लेकर न केवल नाराजगी जताई, बल्कि मंडी सचिव अमित रोहिल्ला को भरे मंच से कड़ी चेतावनी भी दे डाली।

मंडी सचिव को दी "कान पकड़वाने" की चेतावनी
मंडी में किसानों को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने बताया कि जब वे मंडी आ रहे थे, तो रास्तों में ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लगी हुई थीं और गेट बंद थे। इस अव्यवस्था पर बिफरते हुए उन्होंने कहा कि "मैंने सेक्रेटरी से फोन पर कह दिया है कि मैं सिरसा जा रहा हूँ, अगर लौटते समय सड़क पर एक भी ट्रैक्टर खड़ा नजर आया, तो पूरा दिन मंडी के आगे कान पकड़वा कर खड़ा रखूंगा।"

समस्याओं के समाधान के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहें सचिव
इतना ही नहीं, अभय चौटाला ने मंडी सचिव को मंच पर माइक के पास बुलाया और सार्वजनिक रूप से उनका मोबाइल नंबर बोलने को कहा। उन्होंने सचिव से स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं के लिए वे 24 घंटे उपलब्ध रहें। सचिव ने माइक पर अपना नंबर साझा करते हुए किसानों को आश्वासन दिया कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

चौटाला ने सचिव से मांगा हिसाब
चौटाला ने मंडी सचिव से आवक और उठान का हिसाब भी मांगा। जब सचिव ने बताया कि 5 लाख क्विंटल की आवक के मुकाबले केवल 15 हजार क्विंटल का ही उठान हुआ है, तो अभय चौटाला ने तंज कसते हुए पूछा, "बाकी कौन उठाएगा? श्याम सिंह राणा या सैनी? यह काम तुम्हारा है।"

सैनी सरकार पर तीखा किया हमला
किसानों की समस्याओं के साथ-साथ अभय चौटाला ने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सैनी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने जानबूझकर यह नियम बनाकर किसानों को परेशान किया, लेकिन इनेलो के दबाव के कारण सरकार को झुकना पड़ा। मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए चौटाला ने कहा कि जब वे प्रतिनिधिमंडल के साथ सीएम से मिले और उन्हें अंग्रेजी में लिखी एक चिट्ठी दिखाई, तो सीएम उसे समझ नहीं पाए। बाद में रामपाल माजरा ने उन्हें हिंदी में समझाया, तब जाकर बात बनी। अभय चौटाला ने साफ चेतावनी दी कि यदि एक भी किसान का पैसा रोका गया या उन्हें फसल बेचने में दिक्कत आई, तो इनेलो इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। इस दौरान उनके साथ प्रो. संपत सिंह, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा और सुनैना चौटाला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7