कैथल में किसान के आत्मदाह का प्रयास: धान खरीद न होने से खफा होकर उठाया कदम, किसानों ने किया हंगामा  

DFSC office inspector Ashwani Kumar explaining to the farmers in Pundri.
X
पूंडरी में किसानों को समझाते डीएफएससी कार्यालय के निरीक्षक अश्वनी कुमार।
कैथल में पीआर धान की खरीद न होने पर किसान सुशील ने आत्मदाह का प्रयास किया, जिसे अन्य किसानों ने रोक लिया। किसानों ने मार्केट कमेटी के बाहर जमकर हंगामा किया।

कैथल: अनाज मंडी पूंडरी में पीआर धान न बिकने के कारण एक किसान सुशील बाकल ने आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने किसान को आत्मदाह करने से रोक लिया। किसान धान न बिकने से मानसिक परेशान नजर आ रहा था। हालांकि किसान बेहोश हो गया, जिसको तुरंत अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। चिकित्सकों ने किसान को उपचार के बाद छुट्टी दे दी। वहीं, किसान के आत्मदाह करने के प्रयास के बाद किसानों ने हंगामा भी किया, जिसके बाद धान खरीद को लेकर प्रशासनिक अधिकारी ने आश्वासन दिया है।

धान की खरीद न होने पर किसानों ने जताया रोष

भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना के नेतृत्व में किसान अनाज मंडी के पास किसान भवन में एकत्रित हुए, जहां किसानों ने पीआर धान न बिकने के रोष प्रकट किया। किसानों ने मार्केटिंग बोर्ड के गोदाम के गेट को ताला लगा दिया और गाड़ियों को वहां आने जाने से रोक दिया। किसान गेट पर ही धरना देकर बैठे। किसानों ने इस मौके पर धान की होली भी जलाई। विक्रम कसाना ने कहा कि उनकी धान सरकार समर्थन मूल्य पर खरीद करें। जिसको लेकर पहले भी उन्होंने धरना प्रदर्शन और जाम लगाया था। जिसके बाद हल्का विधायक सतपाल जांबा व एसडीएम कैथल ने उन्हें आश्वासन दिया था कि अनाज मंडी पूंडरी में राइस मिलों की संख्या बढ़ा दी जाएगी और किसानों के धान का दाना-दाना खरीद किया जाएगा।

समर्थन मूल्य में धान खरीदने का दिया आश्वासन

किसानों ने मार्केटिंग बोर्ड के गोदाम की तालाबंदी कर धरना दिया तो मौके पर फूड सप्लाई के निरीक्षक अश्विनी कुमार व मार्केट कमेटी के सचिव गुलाब सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि मंडी में राइस मिलों की संख्या बढ़ाई जाएगी और किसानों का जो सरकारी मापदंडों के अनुसार धान है, उसे समर्थन मूल्य में खरीद लिया जाएगा। इसके बाद किसान कुछ शांत हुए और डीएफसी निरीक्षक ने डीएफएससी कैथल से भी किसानों की बात करवाई। उन्होंने कहा कि मण्डियों में से लोडिंग का कार्य चलने की वजह से रविवार को धान खरीद बंद रखी गई है। सोमवार से अनाज मंडी पूंडरी में राइस मिलों की संख्या बढ़ाई जाएगी और पूरी मंडी से धान खरीदा जाएगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story