Logo
सावित्री जिंदल ने हिसार विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उनका मुकाबला बीजेपी के मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से होगा। 

BJP Candidates List Controversy: देश की सबसे अमीर महिला को बीजेपी ने टिकट नहीं दिया। जिसके बाद सावित्री जिंदल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। इससे उनके समर्थक खुश हैं और अपने नेता की जीत का दावा करते हुए नजर आ रहे हैं। 

दरअसल, सावित्री जिंदल मशहूर उद्योगपति और कुरुक्षेत्र से बीजेपी सांसद नवीन जिंदल की मां हैं। वह राजनीति में काफी एक्टिव हैं और हिसार के लोगों से उनका काफी लगाव रहा है। ये ही वजह है कि जब बीजेपी ने उनका टिकट काटा तो उनके समर्थक पार्टी से नाराज हो गए और उन्होंने सावित्री से निर्दलीय चुनाव लड़ने की अपील की। लोगों की मांग को देखते हुए सावित्री ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। 

खबरों की मानें, तो सावित्री जिंदल ने अपने समर्थकों से कहा है कि वह बीजेपी की प्राथमिक सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह चुनाव न लड़ने के बारे में बोलने के लिए ही दिल्ली से वापस आई थी, हालांकि, अपने प्रति लोगों का प्यार और विश्वास देखकर उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। ऐसे में हिसार सीट पर सावित्री जिंदल का मुकाबला बीजेपी के मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से होगा। 

2005 में सावित्री जिंदल ने की थी राजनीति में एंट्री 

दरअसल, सावित्री जिंदल हरियाणा की राजनीति में नया नाम नहीं है। उन्होंने अपने पति ओमप्रकाश जिंदल की मौत के बाद हिसार से 2005 में उपचुनाव जीतकर राजनीति में एंट्री की थी। उन्होंने साल 2009 में कांग्रेस के टिकट पर हिसार विधानसभा का चुनाव लड़ा था और वह जीत गई थीं।2013 में हरियाणा की कांग्रेस सरकार में सावित्री जिंदल कैबिनेट मंत्री भी रह चुकी हैं।  2014 का विधानसभा चुनाव भी उन्होंने कांग्रेस के टिकट से लड़ा था। हालांकि, इस चुनाव में वह हार गई थीं। लंबे समय तक कांग्रेस में रहने के बाद उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले ही बीजेपी ज्वाइन की थी। 

देश की सबसे अमीर महिला है सावित्रि जिंदल 

हाल ही में फॉर्च्यून इंडिया की 2024 की रिपोर्ट में आई थी। जिसमें खुलासा हुआ था कि सावित्री जिंदल 2.77 लाख करोड़ की मालकिन है। वह देश की सबसे अमीर महिला है। 

20 से ज्यादा दिग्गजों ने छोड़ी बीजेपी 

बता दें कि बीजेपी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपने 67 कैंडिडेट का ऐलान कर दिया है। अभी 23 उम्मीदवारों की घोषणा होना बाकी है। कहा जा रहा है कि बीजेपी जल्द ही अपनी दूसरी लिस्ट भी जारी कर सकती है। वहीं बुधवार को पहली लिस्ट आते ही बीजेपी नेताओं ने बगावत शुरू कर दी है। टिकट न मिलने से नाराज 20 से ज्यादा दिग्गज नेताओं ने बीजेपी को अलविदा कह दिया है।

Latest news

5379487