Delhi Elections 2025: वीरेंद्र सचदेवा का केजरीवाल सरकार पर बड़ा आरोप, बोले- AAP ने जारी किया 'जमानती अपराधियों की लिस्ट'

Arvind Kejriwal and Virendra Sachdeva
X
अरविंद केजरीवाल और वीरेंद्र सचदेवा
वीरेंद्र सचदेवा ने आप की उम्मीदवार सूची को 'जमानती अपराधियों की लिस्ट' करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल की सरकार के फैसले पैसे और सौदेबाजी पर आधारित हैं। अमानतुल्लाह खान, नरेश बालयान, सोमनाथ भारती और दिनेश मोहनिया जैसे उम्मीदवार हैं।

Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने अपनी सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इसके जवाब में भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप पर तीखा हमला बोला है।

केजरीवाल पर भ्रष्टाचार और सौदेबाजी का आरोप

वीरेंद्र सचदेवा ने आप की उम्मीदवार सूची को 'जमानती अपराधियों की लिस्ट' करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल की सरकार के फैसले पैसे और सौदेबाजी पर आधारित हैं। उन्होंने कहा, 'आप की लिस्ट में गैंगस्टर, भ्रष्टाचारी और महिला उत्पीड़क जैसे लोगों को टिकट देकर केजरीवाल ने अपराधियों को नेता बना दिया है।' सचदेवा ने कुछ नामों का उल्लेख करते हुए कहा कि अमानतुल्लाह खान, नरेश बालयान, सोमनाथ भारती और दिनेश मोहनिया जैसे उम्मीदवारों को टिकट देकर आप ने अपने कुशासन का चेहरा उजागर कर दिया है।

झुग्गी बस्तियों की अनदेखी का आरोप

झुग्गी बस्तियों के हालातों पर बोलते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आप सरकार के झूठे वादों और कुशासन से झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि झुग्गी बस्तियों में गंदा पानी आ रहा है और बिजली के बढ़े हुए बिल भेजे जा रहे हैं। केजरीवाल ने जो वादे किए थे, वे खोखले साबित हुए हैं। भाजपा इन बस्तियों के लोगों के जीवन स्तर को सुधारने का काम करेगी।

ये भी पढ़ें: भाजपा ने AAP के आरोपों पर किया पलटवार, 'सरकार रोहिंग्याओं को बसाने के लिए जिम्मेदार'!

भाजपा ने अभी नहीं की उम्मीदवारों की घोषणा

दिल्ली भाजपा ने अभी तक विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है, लेकिन आप की सूची पर भाजपा नेताओं ने आलोचनाओं की झड़ी लगा दी है। सचदेवा ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल का चुनावी सर्वे अंत में सौदेबाजी पर आकर टिक जाता है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली का विकास मॉडल जनता की पसंद, केजरीवाल बोले- चौथी बार बनेगी AAP सरकार

भाजपा के प्रवास अभियान के दौरान सचदेवा का बयान

शाहदरा जिले की झिलमिल झुग्गी बस्ती में रात्रि प्रवास के दौरान वीरेंद्र सचदेवा ने बच्चों के साथ लूडो और कैरम खेला। इस दौरान उन्होंने कहा कि आप सरकार ने इन बस्तियों के लोगों के लिए कुछ भी ठोस काम नहीं किया। भाजपा झुग्गी-झोपड़ी के निवासियों के जीवन में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। दिल्ली चुनाव 2025 में आप और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच सियासी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। जनता किसके वादों पर भरोसा करेगी, यह आने वाला समय बताएगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story