दिल्ली में बदमाशों के हौसले बुलंद: बीच सड़क पर इत्र व्यापारी को मारी गोली, लूटपाट की आशंका

Delhi Crime News: दिल्ली में बदमाशों के हौसले कुछ इस कदर बुलंद हो गए हैं कि आए दिन व्यापारियों पर हमले की खबरें आती रहती हैं। कभी किसी को गोली मार दी जाती है, तो कभी चाकू से हमला कर दिया जाता है। हालिया मामला दिल्ली के तिलक नगर मार्ग पर भैरो मंदिर के पास का है। यहां मोटर साइकिल पर सवार अज्ञात हमलावरों ने इत्र व्यापारी पर हमला किया। जानकारी के अनुसार, व्यापारी शुक्रवार रात लगभग 10.30 बजे काम से वापस आ रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने व्यापारी पर फायरिंग कर दी, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कौन हैं व्यापारी?
दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने लूटपाट करने के लिए व्यापारी पर गोली चलाई। जानकारी के अनुसार, व्यापारी नोएडा निवासी राजेंद्र हैं, जो चांदनी चौक में इत्र की दुकान चलाते हैं। वे रात लगभग 10.30 बजे अपनी कार से घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान मोटर पर सवार दो बदमाशों ने भैरो मंदिर के पास उन पर फायरिंग कर दी। पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया, इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत करते हुए अपने सहयोगी व्यापारी को मामले की सूचना दी। सूचना पाकर सहयोगी घटनास्थल पर पहुंचे और राजेंद्र को अस्पताल पहुंचाया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पूछताछ की और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। शुरुआती जांच में कहा जा रहा है कि ये हमला लूटपाट के इरादे से किया गया होगा। आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस मामले में पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जांच शुरू हो गई है।
ये भी पढ़ें: ट्रांसजेंडर के रूप में दिल्ली में छिप रहे बांग्लादेशी नागरिक, बचने के लिए करा रहे इलाज और सर्जरी
(Edited By: Deepika)