Logo
धमतरी जिले में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफनाने पर बवाल मच गया। ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में शव कब्र से निकाला गया।

सौम्या यादव- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के दुगली थाना क्षेत्र अंतर्गत मुनईकेरा गांव में धर्मांतरण से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने पूरे गांव का माहौल तनावपूर्ण बना दिया। धर्मांतरित व्यक्ति के शव को लेकर अंतिम संस्कार के तरीके पर विवाद इतना बढ़ा कि, ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और स्थिति बवाल तक पहुंच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक व्यक्ति ने करीब 15 वर्ष पहले धर्म परिवर्तन कर लिया था। उसकी मृत्यु के बाद परिजनों ने परंपरागत रीति से अलग, अपने बाड़ी में शव को दफना दिया। जैसे ही इसकी जानकारी गांव के आदिवासी समाज के लोगों को मिली, उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया और दफनाए गए शव को बाहर निकालने की मांग पर अड़ गए।

शव को कब्र से निकाला गया बाहर
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुगली थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। ग्रामीणों के हंगामे और लगातार विरोध के बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि, अब शव को धमतरी में विधिवत रूप से दफनाया जाएगा, ताकि गांव में शांति बनी रहे और किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक या सामाजिक तनाव न फैले। 

5379487