दिल्ली के रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास स्थित अंबेडकर हॉस्पिटल से नवजात बच्चे के चोरी होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से आरोपी महिला को कुछ ही घंटों के दौरान अरेस्ट कर लिया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की सुबह 9 बजे कॉल मिली थी कि अंबेडकर हॉस्पिटल से एक नवजात बच्चा चोरी हो गया है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो अस्पताल में अफरातफरी की स्थिति देखी गई। पूछताछ में पीड़ित परिजनों ने बताया कि एक महिला ने बच्चे की मां के साथ दोस्ताना व्यवहार बनाया और पारवारिक बातें करके विश्वास जीत लिया। देर रात जब परिवार गहरी नींद में था, तब महिला नवजात को साथ लेकर बाहर आई और मौका पाते ही फरार हो गई।
सीसीटीवी में आरोपी महिला की हरकत कैद
पुलिस ने पीड़ित परिजनों का बयान दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी बार-बार साधन बदलती रही। उसे मेरठ हाईवे की ओर निकलते देखा गया। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर उसे 12 घंटे के भीतर ही दबोच लिया। साथ ही उसके साथी को भी अरेस्ट कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि नवजात सुरक्षित है, उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली के नंदनगरी में हत्या, नाबालिग बेटे के सामने पिता को मारी गोली
यह भी पढ़ें : तुर्कमान गेट हिंसा मामले में 12 आरोपियों को तीस हजारी कोर्ट से मिली राहत
यह भी पढ़ें : 12 दिन बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए राजपाल यादव, 28 दिन बाद होगी सुनवाई
बच्चा चोर से पूछताछ शुरू
दिल्ली में जनवरी माह के दौरान 807 से ज्यादा लोगों के लापता होने के मामले सामने आए थे। इनमें से कई मामले सुलझ गए, लेकिन कई अनसुलझे हैं। इन मामलों में बच्चों के लापता होने के मामले भी शामिल है। ऐसे में पुलिस ने इस महिला चोर से सख्ती से पूछताछ करनी शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद बच्चों के लापता होने के कई मामले सुलझने की उम्मीद है। बहरहाल, जांच जारी है।









