Warren Buffett Portfolio Changes: दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट की कंपनी बर्कशायर हैथवे ने अपने पोर्टफोलियो में बड़े बदलाव किए हैं। बफेट ने ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन (Amazon) में अपनी हिस्सेदारी को भारी मात्रा में घटा दिया है, जबकि मीडिया क्षेत्र की कंपनी 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' में बड़ा निवेश किया है।
अमेजन की हिस्सेदारी में बड़ी कटौती
रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान वॉरेन बफेट की कंपनी बर्कशायर हैथवे ने अमेजन में अपनी हिस्सेदारी को 75 प्रतिशत से अधिक घटा दिया है। अब कंपनी के पास अमेजन के केवल 23 लाख शेयर बचे हैं।
गौरतलब है कि बफेट ने साल 2019 में पहली बार अमेजन में निवेश किया था। उस वक्त उन्होंने स्वीकार किया था कि वे इस दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी में निवेश करने के मामले में काफी धीमे रहे थे। अब इतनी बड़ी कटौती को बाजार विशेषज्ञ एक बड़ी रणनीति में बदलाव के रूप में देख रहे हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स पर लगाया बड़ा दांव
एक तरफ जहां बफेट ने टेक्नोलॉजी क्षेत्र से पैसा निकाला, वहीं दूसरी ओर मीडिया और पब्लिशिंग क्षेत्र की कंपनी 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' (The New York Times Company) में 51 लाख शेयर खरीदे हैं। साल के अंत तक इस निवेश की कीमत लगभग 35.17 करोड़ डॉलर आंकी गई थी।
इस खबर के सामने आते ही न्यूयॉर्क टाइम्स के शेयरों में 10 प्रतिशत से अधिक का उछाल देखा गया। यह कदम दर्शाता है कि बफेट का भरोसा अब पारंपरिक और डिजिटल मीडिया पब्लिशिंग पर बढ़ रहा है।
एप्पल और बैंक ऑफ अमेरिका से भी हाथ खींचा
बर्कशायर हैथवे ने अपने अन्य बड़े निवेशों में भी कटौती की है। कंपनी ने दिग्गज टेक कंपनी एप्पल (Apple Inc.) और बैंक ऑफ अमेरिका में अपनी हिस्सेदारी को घटाकर क्रमशः 1.5 प्रतिशत और 7.1 प्रतिशत कर दिया है। बफेट ने इन कंपनियों में अपनी पोजीशन को कम करने की शुरुआत साल 2024 में ही कर दी थी। निवेश के इस पैटर्न से स्पष्ट है कि बफेट अब भारी भरकम वैल्यूएशन वाली टेक कंपनियों के बजाय अन्य क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं।
एनर्जी और इंश्योरेंस सेक्टर पर बढ़ा भरोसा
बफेट की कंपनी ने अपनी नई रणनीति के तहत शेवरॉन (Chevron Corp.) और बीमा कंपनी 'चब्ब' (Chubb) में निवेश बढ़ाया है। बर्कशायर ने पिछले कुछ समय में पेट्रोकेमिकल और इंश्योरेंस सेक्टर में अरबों डॉलर के सौदे किए हैं। इसके अलावा कंपनी ने गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट (Alphabet Inc.) में भी अपनी पोजीशन बनाई है।
जानकारों का मानना है कि जनवरी में ग्रेग एबेल को कमान सौंपने से पहले बफेट ने पोर्टफोलियो को भविष्य की चुनौतियों के हिसाब से तैयार कर दिया है।










