दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला विशेष स्टाफ ने संगम विहार इलाके में अवैध शराब तस्कर मामले का खुलासा किया है आरोपी के पास से अवैध शराब के 1938 अवैध क्वार्टर बरामद किए हैं। साथ ही, दो ऊंटों को भी पकड़ा गया है।

दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला विशेष स्टाफ ने संगम विहार इलाके में अवैध शराब तस्करी करने वाले आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि अवैध शराब की तस्करी के लिए किसी वाहन का नहीं बल्कि दो ऊंटों का इस्तेमाल किया गया। इससे पहले भी ऐसी घटना सामने आई थी, जिसमें ऊंटों के माध्यम से अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी। बहरहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।  

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दक्षिण जिला विशेष स्टाफ को सूचना मिली थी कि अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए किसी वाहन की बजाए ऊंटों का इस्तेमाल करने की योजना बनाई है ताकि जंगल क्षेत्र से होते हुए अवैध शराब को उसके ठिकाने तक पहुंचा दिया जाए। 

इस सूचना पर पुलिस ने 29 और 30 मार्च की रात को ही संगम विहार इलाके में जाल बिछा दिया। साथ ही वन क्षेत्र में भी चौकसी बढ़ा दी गई। पुलिस ने बताया कि मुखबिर के आधार पर जैस बताया था, वैसा ही दो ऊंट दिखाई दिए। पुलिस को देखकर ऊंट लेकर चलने वाले शख्स ने भागने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहा। 

पुलिस ने जब ऊंटों पर लदे कार्टन की जांच की तो इसकी संख्या 39 मिली। इन कार्टन में अवैध शराब के 1938 क्वार्टर थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान फरीदाबाद निवासी विनोद भडाना (48) के रूप में हुई है। 

पूछताछ में उसने बताया है कि पुलिस नाकों से बचने के लिए उसे जंगल क्षेत्र से इस खेप को ले जाने के लिए कहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सके।