Greater Noida: उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के ग्रेटर नोएडा वेस्ट से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर आज 21 मार्च शनिवार को 3 साल का बच्चा खेलते समय ब्लिडिंग की 12 वीं मंजिल से गिर गया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। इस हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी-1 की सातवें एवेन्यू सोसाइटी का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि उन्हें अस्पताल से सूचना मिली थी कि, यहां पर एक बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया है। सूचना मिलते ही टीम अस्पताल पहुंच गई, जहां पता लगा कि बच्चा फ्लैट की बारहवीं मंजिल की बालकनी में खेल रहा था, उसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया।
गिरने की तेज आवाज सुनकर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शुरुआती मामला हादसा लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद से ही सोसाइटी में मातम छाया हुआ है, वहीं परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
सुरक्षा मानकों पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर से हाईराइज इमारतों में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बालकनी की रेलिंग की ऊंचाई और मजबूती की समय-समय पर जांच होनी चाहिए। वहीं बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अतिरिक्त ग्रिल या नेट लगाए जाने चाहिए। इसके अलावा लोगों को ध्यान रखना चाहिए कि वह छोटे बच्चों को अकेला बालकनी में न छोड़े। अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।










