haribhoomi hindi news
दिल्ली के मंगोलपुरी में PG के बेड बॉक्स से महिला का शव मिला। गला घोंटकर हत्या की आशंका, पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रेम प्रसंग समेत कई एंगल से जांच जारी।

Delhi Murder Case: दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक महिला का शव PG के कमरे में डबल बेड के बॉक्स से बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह का पता लग पाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला मंगोलपुरी के पत्थर मार्केट का बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पीजी अमरजीत नाम के शख्स द्वारा चलाया जा रहा था। मृतका की उम्र 35 साल बताई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मृतका बीते दिन 7 अप्रैल मंगलवार को शाम करीब 4:30 बजे पीजी आरोपी से मिलने आईं थी। इसके बाद दोनों करीब 1 घंटे तक कमरे में साथ रहे। इसके बाद आरोपी वहां से निकल गया, लेकिन महिला कई देर तक बाहर नहीं आई। इसके बाद पीजी मालिक अमरजीत को कुछ संदिग्ध लगा, और उसने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दे दी। 

माथे और गले पर निशान
पुलिस के साथ घटनास्थल पर क्राइम टीम और FSL की टीम भी पहुंच गई। टीम ने पूरे कमरे की बारीकी से जांच की, फिंगरप्रिंट्स, खून के निशान और दूसरे सबूतों को इकट्ठा कर लिया। महिला के माथे पर चोट के निशान पाए गए हैं, और गले पर भी निशान मिले हैं।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान सुरेंद्र उर्फ बॉबी, जोगिंदर और 22 साल के दीपक के तौर पर हुई है। पुलिस ने संदेह जताया है कि साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया गया है, जिसमें तीनों आरोपी शामिल हैं। 

मृतका का था प्रेम संबंध
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता लगा है कि महिला का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था, ऐसे में ये मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। हालांक पुलिस अन्य पहलुओं जैसे- धोखा या किसी विवाद को देखते हुए भी मामले की जांच कर रही है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करके यह पता लगाने में जुटी हुई है कि हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई, हत्या के बाद शव को छिपाने की योजना किसकी थी, इसके इस मामले में अन्य लोग भी शामिल रहे हैं।  

7