haribhoomi hindi news
CM रेखा गुप्ता ने ITO स्थित GST ऑफिस का औचक निरीक्षण किया। कई कर्मचारी गायब मिले, सीएम ने नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी और उपस्थिति रिपोर्ट मांगी।

CM Rekha Gupta Visit GST Office: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को ITO स्थित स्टेट GST ऑफिस का अचानक निरीक्षण किया, जिससे दफ्तर में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान कई कर्मचारी अपनी सीट पर मौजूद नहीं मिले और कई कमरे बंद पाए गए। इस पर सीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाब तलब किया और व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकारी ऑफिस आम लोगों की सेवा के लिए होते हैं। अगर अधिकारी समय पर दफ्तर नहीं आएंगे, तो आम लोगों का काम कैसे होगा? उन्होंने अधिकारियों से सवाल भी किए, जिसमें उन्होंने सवाल किया कि कितने कर्मचारी मौजूद हैं,

और कितने बिना सूचना के अनुपस्थित हैं, इसके बाद उन्होंने पूरे ऑफिस की डिटेल उपस्थिति रिपोर्ट मांगी। सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि हर कर्मचारी की हाजिरी, आने-जाने का समय और पिछले कई दिनों का रिकॉर्ड तुरंत उनके ऑफिस भेजना जरूरी है।  

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
सीएम रेखा गुप्ता के मुताबिक जो अधिकारी और कर्मचारी बिना वजह ऑफिस से गायब रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही, देरी और जनता के काम में बाधा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण किए जाएंगे और कोई भी कर्मचारी यह न माने कि उसे पहले से सूचना मिलेगी। 

लोगों ने की शिकायत 
निरीक्षण के दौरान सीएम ने दफ्तर में आने वाले लोगों से बातचीत की, इस दौरान लोगों ने बताया कि उन्हें अपने काम के लिए कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने शिकायत में कहा कि  अधिकारी समय पर नहीं बैठते, और फाइलें भी कई दिनों तक अटकी रहती हैं।

शिकायत सुनने के बाद सीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता का काम समय पर पूरा किया जाए। बता दें कि सीएम रेखा गुप्ता की सरकार ने हाल ही में सभी विभागों को साफ कहा था काम में देरी, लापरवाही और जवाबदेही नहीं चलेगी। सरकार चाहती है कि हर विभाग समय पर काम करें, ताकि आम जन को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।   

7