haribhoomi hindi news
ऋषिकेश के नीलकंठ क्षेत्र में हरियाणा की महिला पर्यटक ने शराब पीने से रोके जाने पर हंगामा किया। विवादित बयान का वीडियो वायरल, पुलिस ने चालान किया और ड्राइवर को गिरफ्तार किया।

उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक महिला पर्यटक का बीच सड़क हंगामा करने का मामला सामने आया है। नीलकंठ क्षेत्र में शराब पीने से रोके जाने पर महिला ने स्थानीय लोगों से बहस शुरू कर दी और विवादित बयान दे डाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला का चालान किया और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।

पर्यटक सार्वजनिक स्थान पर पी रही थी शराब
जानकारी के अनुसार, सोमवार को नीलकंठ क्षेत्र में हरियाणा से आई एक महिला पर्यटक सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रही थी। स्थानीय लोगों और सेवादारों ने जब उसे धार्मिक क्षेत्र की मर्यादा का हवाला देते हुए शराब पीने से मना किया, तो वह आपा खो बैठी। महिला ने बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया और वहां मौजूद लोगों को भला-बुरा कहने लगी।

'हमारी वजह से चलती है रोजी-रोटी'
हंगामे के दौरान महिला ने चिल्लाते हुए कहा, "हरियाणा और पानीपत के लोग यहां न आएं तो तुम लोगों की रोजी-रोटी बंद हो जाएगी। हम आते हैं तभी तुम्हारा काम चलता है।" इस दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

पुलिस ने किया 'ड्रंक एंड ड्राइव' का केस दर्ज
मामले की सूचना मिलते ही लक्ष्मण झूला पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि महिला पर्यटक के खिलाफ शांति भंग करने की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। वहीं, महिला के साथ आए वाहन चालक को 'ड्रंक एंड ड्राइव' (शराब पीकर गाड़ी चलाना) के मामले में धारा 185 के तहत गिरफ्तार किया गया है।

एक ओर वीडियो में दो युवक और एक युवती आपस में भीड़े
ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र से एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक और एक युवती आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं। सड़क पर हुई इस हाथापाई में एक युवक के कपड़े तक फट गए। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है और पर्यटन स्थलों पर अनुशासनहीनता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह रही है।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7