धरसींवा। राजधानी रायपुर से लगते धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा के प्रयासों से जोरा आंतरिक मार्ग के नवनिर्माण के लिए स्वीकृति मिली है। बजट में शामिल इस परियोजना के तहत जोरा क्षेत्र की आंतरिक कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए 5.57 किलोमीटर की सड़क का सुदृढ़ीकरण करते हुए डामरीकरण एवं कांक्रीटीकरण निर्माण कार्य और जल निकासी के लिए नाली भी बनेगी।
लंबे समय से जोरा क्षेत्र के निवासी इस मार्ग की जर्जर स्थिति के कारण आवागमन में असुविधा झेल रहे थे। विधायक अनुज शर्मा ने जनभावनाओं को समझते हुए बजट सत्र में इस काम को प्राथमिकता से शामिल करने का प्रस्ताव रखा था। इस स्वीकृति के बाद अब क्षेत्र में धूल और कीचड़ से मुक्ति मिलेगी तथा यातायात सुगम होगा।
स्वीकृति मिलने पर विधायक विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि, आज का दिन हमारे क्षेत्र के लिए, विशेषकर जोरा के निवासियों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया है। मेरा लक्ष्य धरसींवा विधानसभा के हर कोने को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
बुनियादी ढांचे को मजबूत करना हमारा लक्ष्य
उन्होंने कहा कि, जोरा आंतरिक मार्ग की स्वीकृति क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। हमारा संकल्प क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और हर गांव, हर गली तक विकास पहुँचाना है। चाहे वो स्कूलों का उन्नयन हो या सड़कों का जाल बिछाना, हम 'राष्ट्र प्रथम' और 'जन सेवा' की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं।
यह सड़क केवल डामर और कंक्रीट का ढांचा नहीं है, बल्कि यह जोरा के विकास की जीवनरेखा बनेगी। धूल और कीचड़ से मुक्ति मिलेगी, आवागमन सुगम होगा और हमारे व्यापारिक साथियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
काम कागजों पर नहीं, धरातल पर पूरी गुणवत्ता के साथ होगा
श्री शर्मा ने कहा कि, यह मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में 'सुशासन' और 'तेज विकास' का एक जीवंत उदाहरण है। मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूँ कि, काम केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर पूरी गुणवत्ता के साथ होगा। विकास का यह पहिया अब रुकने वाला नहीं है। इस स्वीकृति के लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री जी और लोक निर्माण मंत्री जी का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने क्षेत्रवासियों की इस महत्वपूर्ण जरूरत को समझा और बजट में स्थान दिया।
क्षेत्रवासियों ने विधायक का जताया आभार
इस घोषणा के बाद जोरा सहित आसपास के ग्रामीणों और वार्डवासियों में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के नागरिकों ने विकास कार्यों के प्रति विधायक अनुज शर्मा के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया है।









