haribhoomi hindi news
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक मां ने चंद पैसों के लिए ममता का गला घोंट दिया। ऑर्केस्ट्रा में बेचने का विरोध करने पर अपनी ही नाबालिग बेटी को चलते ऑटो से नीचे फेंक दिया। जानें पूरा मामला।

Muzaffarpur Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ अहियापुर थाना क्षेत्र में एक कलयुगी मां ने चंद पैसों के लालच में अपनी ही नाबालिग बेटी का सौदा कर दिया। आरोप है कि जब मासूम बेटी ने इसका विरोध किया, तो मां ने उसे चलते ऑटो से सड़क पर धक्का दे दिया।

ऑर्केस्ट्रा में बेचने का था प्लान
यह दर्दनाक घटना अहियापुर के बाजार समिति के पास बुधवार दोपहर को हुई। पीड़ित बच्ची ने रोते हुए बताया कि उसकी मां उसे जबरन एक ऑर्केस्ट्रा संचालक के पास ले जा रही थी। मां ने उसे वहां बेचने के लिए पहले ही सौदा तय कर लिया था। जैसे ही बच्ची को इस बात की भनक लगी, उसने ई-रिक्शा से जाने से मना कर दिया और विरोध शुरू कर दिया।

चलते ऑटो से बेटी को दिया धक्का
बेटी के विरोध से मां इस कदर आगबबूला हो गई कि उसने अपनी ही संतान की जान की परवाह नहीं की। तेज रफ्तार ई-रिक्शा में बहस के दौरान मां ने बच्ची को बाहर की ओर धक्का दे दिया। बच्ची सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गई, जिसे देख वहां मौजूद राहगीर सन्न रह गए। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।

लोगों ने आरोपी महिला को दबोचा
सड़क पर गिरी बच्ची को तड़पता देख स्थानीय लोगों ने इंसानियत दिखाई। कुछ लोगों ने भागने की कोशिश कर रही महिला का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। घायल बच्ची बार-बार यही कह रही थी, "मेरी मां मुझे बेचना चाहती थी।"

पुलिस की गिरफ्त में कलयुगी मां
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल बच्ची को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस अब इस मामले में ऑर्केस्ट्रा संचालक और इस सौदेबाजी में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

7