haribhoomi hindi news
बिहार के आरा में 20 साल पुराने बदले की आग ने खूनी रूप ले लिया। रिटायर्ड एयरफोर्स सार्जेंट पर जानलेवा हमला करने के बाद आरोपी ने थाने में सरेंडर कर दिया। जानें क्या है पूरा विवाद।

Ara Crime News: बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर में मंगलवार की देर शाम एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शांति नगर मोहल्ले में एयरफोर्स के रिटायर्ड सार्जेंट अरविंद उपाध्याय पर उनके ही पट्टीदार अनिल शुक्ला उर्फ मनजी शुक्ला ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुँचकर सरेंडर कर दिया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

20 साल पुराने जख्म का लिया बदला
आरोपी अनिल शुक्ला ने पुलिस को बताया कि यह हमला किसी तात्कालिक विवाद का परिणाम नहीं, बल्कि 20 साल पुराने प्रतिशोध की आग है। अनिल के अनुसार, जब वह छोटा था, तब उसके चचेरे चाचा अरविंद उपाध्याय ने संपत्ति विवाद को लेकर उसके दो भाइयों और 80 साल के दादा को कमरे में बंद कर कोड़ों से पीटा था। उस वक्त अपने भाइयों को बिलखते देख अनिल ने बदला लेने की कसम खाई थी।

भाइयों की हालत देख कांप गई थी रूह
अनिल ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि बचपन में वह डर के मारे छज्जे पर छिप जाता था और अपने भाइयों को पिटते देखता था। उसने आरोप लगाया कि उसके भाइयों की पीठ पर कोड़ों के गहरे निशान थे और उनकी चीख सुनने वाला कोई नहीं था। इसी टीस को लेकर वह वर्षों से मौके की तलाश में था और कसम पूरी करने के लिए उसने अपनी प्राइवेट नौकरी तक छोड़ दी थी।

रेकी के बाद किया हमला और फिर सरेंडर
आरोपी पिछले कई महीनों से रिटायर्ड सार्जेंट की रेकी कर रहा था। मंगलवार शाम जैसे ही अरविंद उपाध्याय अपने घर पहुँचे, अनिल ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने सीधे टाउन थाना पहुँचकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने कहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है और अब "जेल ही उसका घर है।"

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे सार्जेंट
घायल अरविंद उपाध्याय को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, चाकू लगने से उनका काफी खून बह गया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल वह डॉक्टरों की कड़ी निगरानी (ऑब्जर्वेशन) में हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
सदर एसडीपीओ राज कुमार साह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुराने घरेलू विवाद और संपत्ति से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपी अनिल शुक्ला खुद भी हमले के दौरान मामूली रूप से चोटिल हुआ है, जिसका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया है।

7