haribhoomi hindi news
बिहार के बक्सर जिले में एक शादीशुदा महिला संध्या देवी ने रूबी नामक युवती के साथ मंदिर में शादी कर ली है। दो बच्चों की मां और युवती के इस प्रेम संबंध और विवाह की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

Buxar News: बिहार के बक्सर जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है जिसने सामाजिक परंपराओं को चुनौती दी है। जिले के बगेन गोला थाना क्षेत्र की रहने वाली संध्या देवी ने एक अविवाहित युवती रूबी कुमारी के साथ जीवन बिताने का फैसला किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि संध्या की शादी साल 2010 में अतवारू यादव से हुई थी और उनके दो बच्चे भी हैं। संध्या के पति बाहर रहकर नौकरी करते हैं, इसी बीच उनकी दोस्ती रूबी से हुई जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।

सोशल मीडिया वीडियो से शुरू हुई नजदीकियां
जानकारी के मुताबिक, संध्या और रूबी पिछले 15 दिनों से लगातार एक-दूसरे के साथ समय बिता रही थीं। दोनों अक्सर सोशल मीडिया के लिए साथ में वीडियो बनाती थीं। वीडियो बनाने के दौरान ही उनकी दोस्ती गहरी हुई और उन्होंने तय किया कि वे अब एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकतीं। लोक-लाज और समाज की परवाह किए बिना दोनों ने अपने रिश्ते को शादी का नाम देने का मन बना लिया।

मंदिर में लिए सात फेरे और पहनाई वरमाला
अपने रिश्ते को धार्मिक मान्यता देने के लिए 4 अप्रैल 2026 को संध्या और रूबी विंध्याचल स्थित अष्टभुजी मंदिर पहुंचीं। वहां उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज के साथ अग्नि के सामने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। विंध्याचल से लौटने के बाद उन्होंने बक्सर के प्रसिद्ध रामेश्वर नाथ मंदिर में भी मत्था टेका और वहां दोबारा माला पहनकर भगवान को अपनी शादी का साक्षी माना।

इलाके में चर्चा
इस अनोखी शादी की तस्वीरें और खबरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। मंदिर में शादी रचाने के बाद यह जोड़ा चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के बीच इस विवाह को लेकर अलग-अलग राय देखने को मिल रही है। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत आजादी मान रहे हैं, तो कुछ इसे सामाजिक मूल्यों के खिलाफ बता रहे हैं। फिलहाल, दोनों ने साथ रहने का संकल्प लिया है।

7