haribhoomi hindi news
Delhi Police Encounter: दिल्ली के बापरौला में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हिमांशु भाऊ गैंग के 2 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में हिमांशु भाऊ गैंग के 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाशों ने कार्रवाई के दौरान फायरिंग की थी। पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों पर दिल्ली और हरियाणा में कई गंभीर केस दर्ज हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला बाहरी दिल्ली के बापरौला इलाके का बताया जा रहा है। बदमाशों की पहचान दीपक और अतुल के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलीजेंस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह मुठभेड़ आज सुबह करीब 4 बजे  UER के पास खेतों में हुई थी, यहां पर पुलिस टीम पहले से ही इनपुट के आधार पर ट्रैप लगाकर बैठी थी।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि भाऊ गैंग के 2 इनामी बदमाश रनहौला इलाके में आने वाले हैं। इसी आधार पर टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी, जैसे ही संदिग्ध मौके पर पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए गोली चला दी, जिसमें बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में दोनों को मौके से गिरफ्तार करके अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।

बदमाशों पर हत्या-फायरिंग का आरोप

पुलिस का कहना है कि आरोपी दीपक पर रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर की हत्या का आरोप लगा है। इसके अलावा अतुल गुरुग्राम में हुए कार शोरूम फायरिंग कांड में शामिल रहा है। पुलिस से बचने के लिए दोनों बदमाश काफी लंबे वक्त से फरार चल रहे थे। जांच में पता लगा है कि दोनों आरोपी भाऊ गैंग से जुड़े हैं, जिसका संचालन गैंगस्टर भाऊ विदेश में बैठकर कर रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ करेगी।  

7