Saurabh Bharadwaj: आम आदमी पार्टी के दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को अपनी चुनी हुई मुख्यमंत्री की अक्षमता का अहसास हो गया है। लेकिन उन्हें इतनी जल्दी हटाना पार्टी के लिए बहुत शर्मनाक होगा। इसलिए भाजपा ने दूसरा रास्ता अपनाया है।
भाजपा पर पैरलल सिस्टम का आरोप
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि भाजपा दिल्ली में पैरलल सिस्टम चला रही है। इसके लिए एक रिटायर्ड बाबू को लाया गया है और उसे लेफ्टिनेंट गवर्नर (एलजी) बना दिया गया है। उनका कहना है कि यह रिटायर्ड अधिकारी अब असली सत्ता चला रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की जगह यह नया सिस्टम काम कर रहा है। भारद्वाज ने इसे भाजपा की मजबूरी बताया और कहा कि पार्टी दिल्ली की जनता से यह छिपा नहीं पा रही है।
I think @BJP4India has realised that their CM choice Rekha Gupta is incompetent and it will be very embarrassing to remove her so soon.
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) April 12, 2026
Therefore a retired babu has been brought in as LG to create a parallel system.
New LG is creating far more reels than normal content… https://t.co/rgB5lG7EzP
रिटायर्ड बाबू को एलजी बनाकर बनाया गया प्लान
पोस्ट में सौरभ भारद्वाज ने लिखा कि भाजपा ने रेखा गुप्ता को हटाने की बजाय रिटायर्ड बाबू को एलजी की कुर्सी पर बिठाकर पैरलल सिस्टम खड़ा कर दिया है। इससे सरकार की असली ताकत अब एलजी के पास चली गई है। उन्होंने कहा कि यह पूरी योजना सोची-समझी लगती है। आम आदमी पार्टी का मानना है कि भाजपा दिल्ली की चुनी हुई सरकार को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। सौरभ भारद्वाज का यह आरोप दिल्ली की राजनीति में एक नए राजनीतिक विवाद को जन्म दे रहा है।
एलजी की रील्स पर उठाया सवाल
सौरभ भारद्वाज ने आगे लिखा कि नए एलजी एक सामान्य कंटेंट क्रिएटर्स से ज्यादा रील्स बना रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अब शासन-प्रशासन का मतलब सिर्फ रील्स बनाना रह गया है? उन्होंने लिखा कि “गवर्नेंस का मतलब रील्स?” इस पोस्ट ने दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।









