haribhoomi hindi news
Delhi Metro: दिल्ली में मेट्रो के 3 नए कॉरिडोर कब शुरू होंगे, इसे लेकर सीएम रेखा गुप्ता की प्रतिक्रिया सामने आई है, यहां पढ़ें उन्होंने क्या है...

Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो में सफर  करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस साल के आखिरी तक निर्माणाधीन मेट्रो लाइन के 3 नए कॉरिडोर को बना लिया जाएगा। जिसमें कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक, मजलिस पार्क से आर. के. आश्रम और तुगलकाबाद से एरोसिटी कॉरिडोर को शामिल किया गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को ट्रैफिक मुक्त करने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।  

सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली मेट्रो और उससे जुड़े सड़क एवं फ्लाईओवर परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा के लिए DMRC के प्रबंध निदेशक समेत सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली मेट्रो का मौजूदा नेटवर्क 416 किलोमीटर एरिया में फैला हुआ है, जिसमें 303 स्टेशन, 12 लाइनें और 32 इंटरचेंज स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा 04.45 किलोमीटर लंबा नेटवर्क और 81 स्टेशन निर्माणाधीन हैं।   

सीएम रेखा गुप्ता ने परियोजना को लेकर क्या कहा ?

सीएम रेखा गुप्ता ने बैठक के बाद बताया कि मजलिस पार्क से मौजपुर, दीपाली चौक से मजलिस पार्क और जनकपुरी वेस्ट से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन जैसे महत्वपूर्ण सेक्शन को चालू किया जा चुका है, इसके अलावा कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक, मजलिस पार्क से R.K आश्रम और तुगलकाबाद से एरोसिटी जैसे मुख्य कॉरिडोर दिसंबर 2026 तक पूरे किए जाने का लक्ष्य है। नए मेट्रो कॉरिडोर खुलने से कई हिस्से बेहतर तरीके से आपस में जुड़ जाएंगे।

फेज-4 के बचे 3 कॉरिडोर लाजपत नगर से साकेत G ब्लॉक (8.38 किमी), इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ (12.37 किमी) और रिठाला से कुंडली (26.46 किमी) पर भी काम शुरू हो चुका है, जिसे मार्च 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही फेज-5 (A) परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा चुका है। जिनमें आर.के   आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी से IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज को शामिल किया गया है।  

DMRC पुरानी मेट्रो को करेगा अपग्रेड

डीएमआरसी की ओर से यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्द कराने के उद्देश्य से ब्लू लाइन की सभी मेट्रो ट्रेनों का नवीनीकरण किया जा रहा है। जिसमें  डिजिटल रूट मैप, डिस्प्ले सिस्टम, लैपटॉप, मोबाइल चार्जिंग समेत दूसरी सुविधाओं को शामिल किया गया है।

इन्हें सीसीटीवी से भी लैस किया जा सकता है। ब्लू लाइन के लिए DMRC के नेटवर्क में 70 मेट्रो ट्रेनें हैं। साल 2002-2007 के बीच डीएमआरसी के नेटवर्क में शामिल की गईं ट्रेनें 19-24 साल पुरानी हो चुकी हैं, ऐसे में इन्हें आधुनिक करना जरूरी हो गया है।  

CCTV कैमरे लगाए जाएंगे

DMRC के प्रधान कार्यकारी निदेशक (जनसंपर्क) अनुज दयाल के मुताबिक, फेज 1 की 12 और फेज 2 की 18 ट्रेनों के नवीनीकरण का काम पूरा हो चुका है। इन ट्रेनों के अंदरूनी हिस्सों और सिस्टम दोनों में बड़े सुधार किए गए। DMRC के मुताबिक पुरानी ट्रेनों में CCTV कैमरे नहीं होते थे, लेकिन इनमें अब सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

ट्रेनों के कोच में डिस्प्ले स्क्रीन के साथ LCD आधारित रूट मैप इंस्टाल किया गया है, जिसकी मदद से ट्रेनों के आगमन के वास्तविक समय का पता लग पाता है। आपातकालीन स्थिति में यात्री और  ट्रेन ऑपरेटर के बीच संवाद की सुविधा की व्यवस्था भी की गई है।

7