Logo
दिल्ली और हरियाणा में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। दिल्ली में रविवार को इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया और पारा 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, हरियाणा में मौसम का ये हाल रहा।

Delhi Haryana Weather Update: दिल्ली वालों को इस समय झुलसाने वाली भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। सूरत के तेवर इतने सख्त हैं कि नजफगढ़ क्षेत्र अधिकतम तापमान रिकॉर्ड स्तर 47 डिग्री को पार कर गया है। राजधानी दिल्ली में रविवार को इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया और पारा 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

दिल्ली में कई जगह 47 डिग्री पहुंचा पारा

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली (IMD) के अनुसार, दिल्ली में सबसे ज्यादा तापमान बाहरी दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि दूसरे नंबर पर रहा मुंगेश पुर में 47.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा पीतमपुरा में 47 डिग्री सेल्सियस, जाफरपुर में 46. 6 डिग्री, पूसा में 46.5 डिग्री, आया नगर में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

IMD ने दिया ये अपडेट

आईएमडी का कहना है कि दिल्ली का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 4 डिग्री ज्यादा है। यानी कहा जा सकता है कि इस समय दिल्ली झुलस रही है। दिन के समय हल्की लू ने भी परेशानी बढ़ाई। ऐसा मौसम अगले चार पांच दिन बना रह सकता है। अगर यह आकलन सही साबित होता है तो अगले वीकेंड यानी रविवार तक दिल्ली उबलती रहेगी।

बता दें कि बीते चार पांच दिन से दिल्ली वालो को भीषण गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। हालात यह है कि लोगों को मजबूरी में घरों में रहना पड़ रहा है। बहुत जरूरी कार्य होने पर बाहर निकलना मजबूरी बन गया है। आसमान साफ रहने की वजह से सूरज की किरणें सीधे पृथ्वी तक पहुंच रही हैं, जो गर्मी बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है।

मौसम के जानकारों का कहना है कि दिल्ली में अभी पारा एक से दो डिग्री और बढ़ सकता है, क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में कोई ऐसा ताजा मौसमी सिस्टम नहीं बन रहा है, जिसकी वजह से दिल्ली एनसीआर को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि वैसे तो अभी अगले 10-15 ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। हां कुछ दिन बाद पारे में एक दो डिग्री की गिरावट होगी, जिससे बहुत राहत मिलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि इस महीने के अंत के बाद यानी जून के प्रथम सप्ताह में कुछ उम्मीद की जा सकती है।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा (Haryana Weather Update), पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। हरियाणा में 5 जिलों में मौसम विभाग ने हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, भिवानी और चरखी दादरी भी शामिल है। इन जिलों में तापमान 45 डिग्री ज्यादा पहुंच गया है। इसके अलावा हरियाणा में भी आने वाले दिनों में गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।

हरियाणा में बदली स्कूल की टाइमिंग

हरियाणा में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों की टाइमिंग भी बदल दी गई। हरियाणा में स्कूलों के टाइम में शुक्रवार से ही बदलाव हो चुका है। यहां सुबह 7 बजे स्कूल खुलेंगे और दोपहर 12 बजे बंद होंगे। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बीच-बीच में एक या दो पश्चिमी विक्षोभ से कुछ राहत मिल सकती है। इस दौरान बादल छाएंगे और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, लेकिन प्रदेश में 31 मई तक गर्मी का प्रकोप देखने को मिल सकता है।

5379487