पीएम मोदी के बयान पर केजरीवाल का पलटवार, बोले- 'आपदा दिल्ली में नहीं है, बल्कि भाजपा में, लोगों को गालियां देने का किया काम'

Arvind Kejriwal targeted PM Modi on AAPDA statement
X
अरविंद केजरीवाल और पीएम मोदी।
Delhi Elections 2025: पीएम मोदी ने अरविंद केजरीवाल और आप सरकार पर कई घोटालों और काम न करने का आरोप लगाया। अब इस मामले में अरविंद केजरीवाल ने पलटवार किया है। 

Delhi Elections 2025: पीएम मोदी आज दिल्ली के अशोक विहार पहुंचे थे, जहां उन्होंने झुग्गीवासियों को पक्के मकान की चाबियां सौंपीं। इसके बाद उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए केजरीवाल पर कई घोटाले करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली आप-दा से घिरी हुई है और अब आप-दा को दिल्ली से दूर करने का समय आ गया है। अब इस मामले में अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीएम मोदी पर निशाना साधा है।

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने गिनाए दिल्ली के घोटाले, आप-दा से घिरी दिल्ली को मुक्त कराने की ठानी, AAP ने दिया जवाब

केजरीवाल का पीएम मोदी पर पलटवार

अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी के बयान के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन पर पलटवार करते हुए कहा कि आपदा दिल्ली में नहीं बल्कि भाजपा में आई हुई है। उन्होंने कहा कि आज पीएम मोदी दिल्ली आए थे, जहां उन्होंने लंबा-चौड़ा भाषण दिया। इसमें उन्होंने लगभग 40 मिनट दिल्ली के लोगों को गालियां देने का काम किया है। दिल्ली हॉफ स्टेट है, यानी ऐसा राज्य, जहां लोग दो सरकारें चुनते हैं।

केंद्र में भाजपा और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। दोनों ही पार्टियों को 10 साल हो गए हैं, इन 10 सालों में आप ने कितने काम किए हैं, अगर ये गिनाने बैठे, तो सुबह से शाम हो जाएगी। हालांकि केंद्र सरकार ने कितने काम किए, वो एक बार भी अपने भाषण में नहीं बताया। जो लोग काम करते हैं, वो गाली नहीं देते।

केंद्र सरकार पर लगाए आरोप

केजरीवाल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेता पहले झुग्गियों में जाते हैं और वहां रात्रि निवास करते हैं और बाद में उन्हीं झुग्गियों पर बुलडोजर चलवा देते हैं। पीएम ने 10 साल बाद आकर तीन कॉलेज की नींव रखी है, इसके लिए आपको 10 साल लग गए। हमने 10 सालों में 22 हजार क्लासरूम बनाए। आप हमसे ज्यादा काम करते तो 40 मिनट हमें गालियां देने की जरूरत नहीं पड़ती। आप अपने काम के दम पर लोगों की वाहवाही लूटते।

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने दिल्ली को दी सौगात: झुग्गियों में रहने वालों को सौंपी फ्लैट्स की चाभियां, कहा- हर गरीब को पक्का घर देंगे

'2 लाख से ज्यादा लोगों को किया बेघर'

उन्होंने 2020 का संकल्प पत्र दिखाते हुए कहा कि पीएम ने साल 2020 में जनता से कई वादे किए थे। इसमें लिखा था कि साल 2022 तक दिल्ली के लोगों को पक्के मकान दिए जाएंगे। अब तक केवल 1700 लोगों को घरों की चाबियां दी गई हैं। भाजपा वाले झुग्गीवासियों की झुग्गियां उजाड़ रहे हैं। इन लोगों ने 2 लाख से ज्यादा लोगों को बेघर कर दिया और बच्चों को सड़क पर लाकर छोड़ दिया। भाजपा गरीबों की दुश्मन है।

केजरीवाल ने गिनाईं भाजपा की आपदा

पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पीएम कह रहे हैं कि 'दिल्ली में आपदा आई है' बल्कि हकीकत तो ये है कि 'भाजपा में आपदा आई है'। इन लोगों की आपदा तीन तरह की है, पहला इनके पास दिल्ली में मुख्यमंत्री के लिए चेहरा नहीं है। दूसरा इनके पास एजेंडा नहीं है और तीसरा इनके पास नैरेटिव नहीं है। दिल्ली में काफी समय से क्राइम की आपदा आई हुई है। लोगों में चीख-पुकार मची हुई है लेकिन गृह मंत्री अमित शाह के कानों तक उनकी आवाज तक नहीं पहुंची।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में आसानी से सरकार बनाएगी आम आदमी पार्टी...मनीष सिसोदिया ने बताई ये वजह!

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story