Dwarka SUV Accident: द्वारका सड़क हादसे में जान गंवाने वाले साहिल की मां ने आरोपी परिवार के खिलाफ जांच करने के लिए कहा है। इसके अलावा मृतक की मां ने आरोपी के पिता को गिरफ्तार करने की मांग उठाई है।

Dwarka SUV Accident: दिल्ली के द्वारका में 3 फरवरी को सड़क हादसे में साहिल धनेशरा नाम के युवक की मौत हो गई थी। मृतक युवक की मां ने आरोपी के पिता की  गिरफ्तारी की मांग उठाई है। उन्होंने कहा है कि आरोपी अब तक बाहर क्यों है और उसके पिता को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साहिल की मां ने ये बायान आरोपी के पिता के बयान के बाद दिया है। बता दें कि अपने बयान में आरोपी के पिता ने कहा था कि वह अपने बेटे की गलती मानते हुए, हर कानूनी प्रक्रिया से गुजरने की बात कह रहे हैं। इसके अलावा आरोपी के वकील का कहना है कि नाबालिग आरोपी अपनी बोर्ड की परीक्षा के बाद 7 मार्च को सरेंडर कर देगा। 

परिवार बचने की कोशिश कर रहा

द्वारका के इस सड़क हादसे में साहिल की मौके पर ही मौत हो गई थी। आरोप लगाया गया है कि स्कॉर्पियो ड्राइवर की लापरवाही के कारण यह सड़क हादसा हुआ है। हादसे के बाद से ही आरोपी परिवार जांच के घेरे में है। मीडिया से बात करते हुए साहिल की मां ने कहा कि केवल ड्राइवर नहीं, बल्कि उसके पिता को भी गिरफ्तार कर लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया है कि पूरा परिवार जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहा है, संवेदना के नाम पर केवल ड्रामा कर रहे हैं। 

मीडिया से बात करते हुए मृतक की मां ने कहा कि, 'आरोपी के पिता को गिरफ्तार किया जाए, पूरा परिवार क्रिमिनल है, लोगों को आरोपी पक्ष की बातों से इमोशनल होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सच्चाई के बारे में सबको पता लग चुका है।' उन्होंने कहा कि,'अब तक आरोपी बाहर क्यों है, क्या उन्हें ये सब इंतजाम करना है, जुगाड़ करना है इसलिए? दुनिया के सामने कितना भी नाटक कर लें, अब सब स्पष्ट हो चुका है." उनका कहना है कि वह आरोपियों को बचने नहीं देंगी और कानूनी लड़ाई अंत तक लड़ेंगी।'

मृतक की मां ने आरोपी के पेरेंट्स पर लगाए आरोप

साहिल की मां ने आरोपी के माता-पिता के लिए कहा है कि, 'कैसे माता-पिता हैं जिन्हें यह तक नहीं पता कि उनका बच्चा कब गाड़ी लेकर निकल जाता है, उन्होंने कहा कि अगर बच्चों की जिम्मेदारी नहीं उठा सकते तो उन्हें जन्म क्यों देते हैं।' उन्होंने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि आरोपी पिछले 15 दिनों से बाहर है। उनका आरोप है कि हादसे के बाद आरोपी पक्ष की ओर से कोई संवेदना नहीं दिखाई गई, जबकि उनका बेटा उनसे हमेशा के लिए छिन गया।' 

यह भी पढ़ें:- भारत-पाकिस्तान मैच के बाद दोस्ती में बढ़ी दूरी, फिर भी साथ
यह भी पढ़ें:- तुर्कमान गेट हिंसा मामले में 12 आरोपियों को कोर्ट से मिली राहत
यह भी पढ़ें:- AI इम्पैक्ट समिट, दिल्ली में आज कई रास्ते रहेंगे बंद
यह भी पढ़ें:- दिल्ली की जर्जर सड़कों का 802 करोड़ रुपये से होगा कायाकल्प
यह भी पढ़ें:- स्टूडेंट्स के एडमिट कार्ड रोकने वालों पर FIR क्यों नहीं?

ओवरटेक को लेकर मृतक की मां ने क्या कहा ?

कुछ लोगों ने साहिल पर ओवरटेक करने का आरोप भी लगाया है, जिसे लेकर साहिल की मां ने कहा है कि क्रॉस लेन ड्राइविंग कौन कर रहा था, यह आखिरी फुटेज में साफ दिखाया जाए। उन्होंने कहा कि साहिल केवल पीछे चल रहा था। वहीं ट्रैफिक रुकने पर नियम के अनुसार दाईं ओर से ओवरटेक किया जाता है, बाईं ओर से नहीं।

उन्होंने कहा कि सड़क कर्वेचर वाली थी, जैसे ही स्कॉर्पियो ने बस के सामने से कट मारा, सामने मौजूद साहिल उससे टकरा गया। साहिल की मां ने भावुक होते हुए कहा कि बच्चे की जगह मां की गोद में होती है, न कि ऐसी हालत में सड़क पर, उन्होंने यह भी कहा कि वह जिस हालत में अपने बच्चे को देखकर आई हैं, उसे वह भूल नहीं सकती। जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगी, वह लड़ती रहेंगी।   

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।