Logo
आम आदमी पार्टी, दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री और प्राइवेट स्कूल आपस में मिले हैं। अगर हम आवाज नहीं उठाते तो कई बच्चे सीबीएसई की परीक्षा देने से वंचित रह जाते।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई की परीक्षाएं आज से शुरू हो चुकी हैं। आज दसवीं कक्षा का गणित विषय का पेपर हुआ। स्टूडेंट्स और टीचर्स की मानें तो स्कूल परीक्षा की बजाए बोर्ड परीक्षा का गणित का पेपर आसान रहा। ऐसे में जहां स्टूडेंट्स और उनके अभिभावकों के चेहरे पर खुशी है, वहीं दूसरी तरफ एडमिट कार्ड रोकने की कोशिश करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई न होने से आम आदमी पार्टी ने हमला बोला है। 

आम आदमी पार्टी, दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली के साकेत स्थित एपीजे ने बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों का एडमिट कार्ड रोक दिया था। जब हमने विरोध प्रदर्शन किया तो हमें ही पुलिस हिरासत में ले लिया। उन्होंने एक तस्वीर दिखाते हुए कहा कि एपीजे स्कूल के प्रिंसिपल और मैनेजर मंत्री आशीष सूद के घर पर गए थे।

उन्होंने कहा कि एडमिट कार्ड रोकने पर स्कूल प्रिंसिपल के ऊपर एफआईआर होनी चाहिए, लेकिन आशीष सूद ने उनके ऊपर एफआईआर क्यों नहीं दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के डायरेक्टर और डिप्टी डायरेक्टर पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जुवेनाइल जस्टिस एक्ट सेक्शन 75 के तहत स्कूल पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। 

यह भी पढ़ें : कैसा रहा गणित का पेपर? जानिये 10वीं के पहले पेपर पर स्टूडेंट्स और शिक्षकों का रिएक्शन

यह भी पढ़ें : दिल्ली पुलिस और सीएपीएफ में एसआई पदों पर निकली वैकेंसी, SSC ने जारी की नोटिफिकेशन

शिक्षा मंत्री ने किया था यह दावा

उधर, शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने दावा किया था कि सरकार ने हस्तक्षेप करके छात्रों को एडमिट कार्ड दिलवा दिए हैं। अब बच्चे बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी गंदी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि फी एक्ट की धारा 13 के तहत किसी भी दमनकारी तरीके को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि जब भी समस्याएं खड़ी होंगी, सीएम रेखा गुप्ता की सरकार उनके साथ लोकल गार्जियन के तौर पर खड़ी नजर आएगी।

समाप्त

5379487