Delhi Lok Sabha Elections 2024: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए आम आदमी पार्टी ने अब सुनीता केजरीवाल को मैदान में उतार दिया है। 21 अप्रैल को झारखंड में हुई इंडिया गठबंधन की रैली में उन्होंने सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी का जमकर विरोध किया था और बीजेपी पर जमकर हमला भी बोलतीं नजर आई थीं। अब वह कल यानी 27 अप्रैल से दिल्ली में चुनाव प्रचार के लिए उतरने वाली हैं। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए रोड शो करेंगी। साथ ही, केजरीवाल का संदेश भी सुनाएंगी। यह जानकारी आप सरकार की मंत्री आतिशी ने दी है।

शनिवार से चुनावी समर में उतरेंगी सुनीता केजरीवाल

आतिशी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि लोकसभा चुनाव में सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में उनके लिए आशीर्वाद मांगने के लिए और पार्टी के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने सुनीता केजरीवाल खुद प्रचार में उतरेंगी। वह दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और गुजरात में चुनाव प्रचार करेंगी और जनता से आशीर्वाद मांगेंगी। सुनीता केजरीवाल का प्रचार शनिवार यानी 27 अप्रैल से पूर्व दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में रोड शो के साथ शुरु होगा। इसके बाद 28 अप्रैल को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर रोड शो करेंगी और अरविंद केजरीवाल के लिए जनता से आशीर्वाद मांगेंगी।

आतिशी ने बीजेपी पर बोला हमला

इतना ही नहीं आतिशी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद केंद्र सरकार और उनके राजनीतिक हथियार ईडी ने सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि सीएम केजरीवाल से भारतीय जनता पार्टी को डर लगता है। इसलिए चुनाव से पहले उन्हें जेल में डाल दिया गया क्योंकि बीजेपी नहीं चाहती थी कि सीएम चुनाव प्रचार करें। लेकिन बीजेपी का यह दांव उल्टा पड़ गया है। दिल्ली, पंजाब से लेकर देश के राज्य की जनता सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध कर रही है।

आप ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट

बता दें कि 16 अप्रैल को आम आदमी पार्टी ने गुजरात के लिए अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में सीएम अरविंद केजरीवाल, सुनीता केजरीवाल के अलावा पंजाब सीएम भगवंत मान, मनीष सिसोदिया, संदीप पाठक, संजय सिंह, गोपाल राय, राघव चड्ढा, सत्येंद्र जैन, आतिशी, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन, गोपाल इटालिया, इसुदान गढ़वी इस लिस्ट में शामिल हैं। लिंक पर क्लिक कर खबर को विस्तार से पढ़िए...

ये भी पढ़ें:- इंडिया गठबंधन की रैली में सुनीता बोलीं- जेल में दिल्ली CM केजरीवाल को मारने की कोशिश हो रही

दिल्ली में कब होगा चुनाव?

बता दें कि दिल्ली की सभी सात सीटों पर 25 मई को छठे चरण में मतदान होगा। दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच समझौता हुआ है, जिसके मुताबिक दिल्ली की 7 में 4 सीटों पर AAP और 3 सीटों पर कांग्रेस चुनावी मैदान में उतरी हैं। पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और नई दिल्ली लोकसभा सीट आप के हिस्से में आई है। दिल्ली की सभी सात सीटों पर पिछले दो लोकसभा चुनावों 2014 और 2019 में भाजपा ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि, इस बार देखना होगा कि किसके पाले में कितनी सीट आएगी।