LPG Gas Crisis: दिल्ली पुलिस ने महिपालपुर इलाके से एलपीजी गैस के 74 अवैध सिलेंडरों को बरामद किया है। इन में 70 घरेलू और 4 कमर्शियल सिलेंडर शामिल है। इसके अलावा उनकी कालाबाजारी करने वाले 3 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

LPG Gas Crisis: दिल्ली के महिपालपुर में एलपीजी सिलेंडरों की बड़ी कालाबजारी का मामला सामने आया है। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने एक विशेष अभियान के तहत महिपालपुर इलाके में अवैध रूप से सिलेंडर जमा करने और ऊंचे दामों पर बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में कुल 74 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 70 घरेलू और 4 कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। साथ ही गैस ट्रांसफर करने वाले उपकरण और एक वाहन को (टाटा एस गोल्ड) भी जब्त किया गया। यह छापेमारी 21 मार्च को महिपालपुर के सेक्टर के-845 में मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी।

पुलिस ने मौके पर तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम कृष्ण (33 वर्ष), दिनेश साहू (46 वर्ष) और मिथिलेश (39 वर्ष) हैं। ये लोग अवैध तरीके से घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर जमा कर रहे थे और उन्हें काला बाजार में ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी कर रहे थे। यह कार्रवाई आवश्यक वस्तुओं के अवैध व्यापार और कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। 

वसंत कुंज पुलिस स्टेशन में तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक यह तीनों आरोपी पिछले 20 साल से राजधानी दिल्ली में रह रहे हैं। वहीं यह लोग पिछले तीन साल से दिल्ली के महिपालपुर इलाके में अवैध रूप से हो रहे एलपीजी के व्यापार में शामिल हैं।

इस घटना से पता चलता है कि दिल्ली में एलपीजी सिलेंडरों की कमी और ऊंची कीमतों के बीच कुछ लोग अवैध जमाखोरी करके आम लोगों को परेशान कर रहे हैं। पुलिस की यह सफलता ऐसे रैकेट को रोकने में महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और आगे और भी ऐसे मामलों का खुलासा हो सकता है। जनता से अपील की गई है कि यदि उन्हें ऐसी कोई गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।