haribhoomi hindi news
केंद्रीय खेल मंत्री मनसूख मांडवीया से विस अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने मुलाकात की। उन्होंने खेल विकास और खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर केंद्रीय खेल मंत्री से चर्चा की। 

राजनांदगांव। राजनांदगांव को खेल नगरी और हॉकी की नर्सरी के नाम से भी जाना जाता है। पहले भी राजनांदगांव से हॉकी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर सराहना भी बटोरी है। राजनांदगांव लगातार खिलाड़ियों के लिए एक नर्सरी के तौर पर स्थापित रहा है। साल 2017-18 में प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतप सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यहां पर दिग्विजय स्टेडियम का निर्माण किया गया था। इस स्टेडियम में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की हॉकी और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही है। समय के साथ इस स्टेडियम में खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या को देखकर कुछ आवश्यकताएं भी महसूस हो रही है। इस पर गंभीरता से विचार कर राजनांदगांव विधायक और विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने पिछली शाम अपने निवास स्पीकर हाउस में केंद्रीय खेल और युवा मामले के मंत्री मनसूख मंडाविया से मुलाकात की। 

चर्चा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कहा कि, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करानी हमारी प्राथमिकता है। दिग्विजय स्टेडियम में लगभग 19 करोड़ 79 लाख रुपए की लागत से मल्टीपरपस हॉल की आवश्यकता और लगभग 6 करोड़ 34 लाख की लागत के सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक निर्माण पर चर्चा हुई। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में भारत सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत एस्ट्रोटर्फ रिप्लेसमेंट, सिविल कार्य और विद्युतीकरण के लिए लगभग 8 करोड़ 79 लाख रुपए के कार्यों का प्राक्कलन रखा है। इन तीनों विषयों पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडवीया ने गंभीर चर्चा की।

खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं- केंद्रीय खेल मंत्री मांडवीया

केंद्रीय खेल मंत्री मांडवीया ने आश्वस्त किया है कि, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दिग्विजय स्टेडियम और अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के उन्नयन कार्य दोनों ही विषय पर केंद्रीय खेल मंत्रालय राजनांदगांव के खिलाड़ियों के सुविधा के लिए गंभीरतापूर्वक विचार करेगा।  

7