CG की बड़ी ख़बरें : सीएम साय का रायगढ़ दौरा, महतारी वंदन योजना की किस्त होगी जारी, कांग्रेस का धान खरीदी केंद्र चलो अभियान

cg news today
X
CG की बड़ी ख़बरें
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे जहां पर वे करोड़ों के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन करेंगे। आज से कांग्रेस की धान खरीदी केंद्र चलो अभियान की शुरुआत होगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की छोटी-बड़ी सभी खबरें रोजाना हमारे ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'सीजी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और छत्तीसगढ़ की हर खबर से अपनी जानकारी बढ़ाएं।

मंगलवार की बड़ी खबर

रायगढ़ दौरे पर रहेंगे सीएम साय : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। सुबह 11 बजे रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। जहां पर वे 12 बजे रायगढ़ में उत्कल ब्राह्मण सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान सीएम साय 135 करोड़ 9 लाख के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसके अलावा सीएम साय रायगढ़ में बनने जा रहे प्रदेश के सबसे बड़े नालंदा परिसर का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही 97 करोड़ 51 लाख के 69 कार्यों का लोकार्पण और 37 करोड़ 58 लाख के 13 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।

महतारी वंदन योजना की किस्त होगी जारी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायगढ़ से महतारी वंदन योजना की 10वीं किश्त जारी करेंगे। 10वीं किश्त के रूप में 652 करोड़ 4 लाख रूपए की राशि जारी करेंगे। योजना के तहत अब तक 6530 करोड़ 70 लाख रुपए की आर्थिक मदद की गई है। रायगढ़ में 42 करोड़ की लागत से नालंदा परिसर बनेगा। रायगढ़ को 135 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे।

कांग्रेस का धान खरीदी केंद्र चलो अभियान : आज से कांग्रेस की धान खरीदी केंद्र चलो अभियान की शुरुआत होगी। वरिष्ठ नेताओं समेत दीपक बैज खरीदी केंद्रों का जायजा लेंगे। केंद्र जा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। प्रदेश के अलग-अलग खरीदी केंद्रों में कांग्रेस नेता जाएंगे। इस दौरान कांग्रेसी खरीदी केंद्रों में हो रही अनियमिताओं को लेकर घेरते नजर आएंगे। बस्तर में बैज तो रायपुर का जायजा पूर्व CM बघेल जायजा लेंगे। इसके अलावा पूर्व मंत्री और विधायकों को भी जिम्मेदारी दी गई है।

अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस आज : राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। उल्लेखनीय कार्य करने वाले दिव्यांगजनों को सम्मानित किया जाएगा। समाज कल्याण व महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाडे़ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे। समारोह में राज्यभर से लगभग पांच हजार दिव्यांगजन शामिल होंगे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story