Logo
सूरजपुर जिले के वन परिक्षेत्र प्रतापपुर में एक नर हाथी का शव गेहूं के खेतों में पड़ा मिला है। मौत के कारणों की जानकारी जुटाने में वन विभाग की टीम लगी हुई है।

नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक नर दंतैल हाथी की मौत हो गई है। हाथी का शव सुबह गेहूं के खेत में पड़ा मिला है। वन विभाग को ग्रामीणों ने हाथी की मौत की सूचना दी। मौके पर वन विभाग के कर्मचारी पहुंच चुके हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के वन परिक्षेत्र प्रतापपुर के करंजवार गांव में उक्त हाथी की मौत हुई है। फिलहाल मौत किन कारणों से हुई है इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है। वन विभाग की टीम कारणों की जांच और पोस्टमार्टम की तैयारी में जुटा हुआ है। 

उल्लेखनीय है कि, 11 मार्च को ही रायगढ़ जिले में दो हाथी शावकों के शव मिले थे। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के सुहाई जंगल में कुरकुट नदी किनारे दो शावकों के शव मिले थे। करीब दो-ढाई साल उम्र के दो हाथियों की संदिग्ध मौत की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर SDO फॉरेस्ट आशुतोष मंडावा और रेंजर विक्रांत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में दोनों शावकों का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही दोनो शावकों के मौत के कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल वन विभाग जांच में जुटी हुई है। 

पहले भी हुई है रायगढ़ जिले में हाथियों की मौतें
उल्लेखनीय है कि, इससे पहले भी पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में सबसे ज्यादा हाथियों के मौतों की खबर रायगढ़ जिले से ही आती रही है। कई बार ग्रामीणों द्वारा खेतों की रक्षा जंगली जानवरों से करने के लिए बिछाए गए बिजली करंट की चपेट में आने से भी हाथियों की मौतें इस जिले में हुई हैं।

5379487