राजीव लोचन साहू- सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित शासकीय शशिभूषण सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बजाय स्कूल की टेबल पेंट करते नजर आए हैं। हैरानी की बात यह रही कि, इस दौरान स्कूल के प्राचार्य नागेंद्र पटेल शिक्षकों का काम करते हुए वीडियो बनाते रहे।
जहां एक ओर प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के दावे किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों में शिक्षक शैक्षणिक कार्य छोड़ रंग-रोगन में लगे दिखाई दे रहे हैं। इससे साफ है कि, बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। स्थिति और भी चिंताजनक तब हो जाती है, जब स्कूल में बालकों के लिए शौचालय की समुचित व्यवस्था तक उपलब्ध नहीं है। मजबूरन छात्रों को शौच के लिए स्कूल परिसर से बाहर जाना पड़ता है, जो सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों दृष्टि से गंभीर लापरवाही है।
सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित शासकीय शशिभूषण सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक पढ़ाने के बजाय टेबल पेंट करते नजर आए। प्राचार्य वीडियो बनाते रहे। @SaktiDistrict #Chhattisgarh pic.twitter.com/xyUW5Pa9cU
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 28, 2026
शिक्षकों ने मिलकर पेंट किया टेबल
मामले में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इसे जनभागीदारी बताते हुए कार्रवाई से इनकार किया और कहा कि, मजदूर नहीं आने के कारण शिक्षकों ने मिलकर टेबल पेंट किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। सवाल यह उठता है कि, क्या शिकायत का इंतजार किए बिना प्रशासन को स्कूलों की मूलभूत समस्याओं पर संज्ञान नहीं लेना चाहिए? फिलहाल, शिक्षा के मंदिर में पेंटिंग को प्राथमिकता और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव, व्यवस्था पर कई गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रहा है।
सक्ती जिले के चंद्रपुर स्थित शासकीय शशिभूषण सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक पढ़ाने के बजाय टेबल पेंट करते नजर आए। प्राचार्य वीडियो बनाते रहे। @SaktiDistrict #Chhattisgarh pic.twitter.com/ugV6sCxsfH
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 28, 2026










