फिंगेश्वर। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बोरिद के पास स्थित तिरुपति सम्पत्ति राइस मिल में शुक्रवार सुबह आग का तांडव देखने को मिला। सुबह करीब 11 बजे मिल परिसर में रखी धान की बोरियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस अग्निकांड में मिल संचालक को करीब 2 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।
आग लगने की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए राजिम से दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। आग इतनी बेकाबू थी कि दमकल कर्मियों और पुलिस बल को इसे शांत करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 5 घंटों की कड़ी जद्दोजहद के बाद दोपहर बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस दौरान राइस मिल के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही।
4 हजार क्विंटल धान स्वाहा
राइस मिल संचालक के अनुसार, आगजनी में मिलिंग के लिए भंडारित किया गया भारी मात्रा में स्टॉक जल गया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार लगभग 4000 क्विंटल धान जलकर खाक हो गया। करीब 1200 बंडल नई बोरियां जलकर नष्ट हो गई। मिल प्रबंधन ने लगभग 2 करोड़ रुपये के आर्थिक नुकसान की संभावना जताई है। फिंगेश्वर पुलिस ने आगजनी की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्यों और मिल में लगे सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।









