उमेश यादव- कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के लक्ष्मण बन बस्ती में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दरअसल, जेसीबी मशीन से दीवार गिराने के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में तीन लोग आ गए। हादसे में एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल और संजीव नामक दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, दीवार को गिराने का काम बिना सुरक्षा इंतजामों के किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी दीवार ढह गई और पास में खड़े लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन एक मासूम को बचाया नहीं जा सका। वहीं इस घटना से आक्रोशित बस्तीवासियों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
कोरबा जिले के लक्ष्मण बन बस्ती में जेसीबी से दीवार गिराने के दौरान बड़ा हादसा, एक मासूम की मौत और दो युवक गंभीर घायल। @KorbaDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/h1AsM24pFw
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 28, 2026
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस घटना से आक्रोशित बस्तीवासियों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का आरोप है कि, लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाइश दी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
कापू-धरमजयगढ़ मार्ग पर खाई में गिरी पिकअप
वहीं 26 फरवरी को रायगढ़ जिले में कापू और धरमजयगढ़ के बीच मड़वाताल के पास गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह से लौट रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में करीब 35 ग्रामीण सवार थे। दुर्घटना में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, बंगरसुता गांव के ग्रामीण कापू के पास गोसाइपोड़ी गांव सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय मड़वाताल के समीप मोड़ पर वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सीधे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है।









