Logo
रायपुर प्रेस क्लब ने डिजिटल युग में कदम रखते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट और यूट्यूब चैनल लॉन्च किया। इस पहल से पत्रकारों को मजबूत डिजिटल प्लेटफॉर्म और व्यापक पहचान मिलेगा।

रायपुर। बदलते समय के साथ पत्रकारिता भी तेजी से डिजिटल दिशा में आगे बढ़ रही है और इसी बदलाव के साथ कदम मिलाते हुए रायपुर प्रेस क्लब ने एक अहम पहल की है। क्लब की नई कार्यकारिणी ने प्रेस क्लब को हाईटेक बनाने के संकल्प के तहत अधिकृत वेबसाइट और यूट्यूब चैनल की शुरुआत कर पत्रकारों को डिजिटल मंच से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

हिन्दू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में स्वदेश समूह के संपादक अतुल तारे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद अतिथियों ने बटन दबाकर वेबसाइट और यूट्यूब चैनल का औपचारिक शुभारंभ किया।

qपत्रकारिता का बदलता स्वरूप
इस पहल को पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के अनुरूप एक दूरदर्शी कदम माना जा रहा है। अब प्रेस क्लब की गतिविधियां, कार्यक्रम, संवाद और पत्रकारों से जुड़ी अहम जानकारियां डिजिटल माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सकेंगी।

डिजिटल युग में अपडेट रहना जरूरी- तारे
मुख्य अतिथि अतुल तारे ने कहा कि, आज का समय पूरी तरह डिजिटल मीडिया का है और पत्रकारों के लिए इसके साथ खुद को अपडेट रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब का यह डिजिटल मंच पत्रकारों को अपनी खबरों और विचारों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। साथ ही उन्होंने जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

डिजिटल प्लेटफॉर्म अब पत्रकारिता का अभिन्न हिस्सा- झा
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंकज झा ने कहा कि, सूचना के माध्यम तेजी से बदल रहे हैं और डिजिटल प्लेटफॉर्म अब पत्रकारिता का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि, इससे स्थानीय पत्रकारों को मजबूत डिजिटल पहचान मिलेगी और उनकी रचनात्मकता को नया विस्तार मिलेगा।

बदलाव के साथ कदम मिलाने का संकल्प- तिवारी
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने इसे सिर्फ यूट्यूब चैनल की शुरुआत नहीं, बल्कि पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के साथ कदम मिलाने का संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब अपने सदस्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार नवाचार कर रहा है और सभी पत्रकारों से इस डिजिटल मंच से जुड़कर इसे मजबूत बनाने की अपील की।

इस अवसर पर ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया और इस पहल को ऐतिहासिक करार दिया। इस अवसर पर महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेंद्र जांगड़े सहित पूर्व अध्यक्ष बृजेश चौबे, प्रकाश शर्मा, अनिल पुसदकर और अनेक वरिष्ठ पत्रकार व बड़ी संख्या में प्रेस क्लब सदस्य मौजूद रहे।

7