राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां मधुमक्खी के झुंड ने एक दंपति पर हमला कर दिया। मधुमखियों के हमले से पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पति पत्नी महुआ बीनने जंगल गए हुए थे। इसी बीच मधुमक्खियों ने उनपर हमला कर दिया। हालांकि पत्नी की जैसे तैसे जान बची लेकिन पति की मौत हो गई है।
मृतक की पत्नी की हालत गंभीर
आपको बता दें कि, यह पूरा मामला डौंडी थाना क्षेत्र के गोटूलमुड़ा गांव का है। मृतक की पहचान 65 वर्षिय चम्पूलाल गोयल के रूप में हुई है और घायल पत्नी की पहचान सुमित्रा नाम से हुई है। घायल महिला का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराया है।
खेत में किसान परिवार पर मधुमक्खियों का हमला
वहीं 23 फरवरी को भी बेमेतरा जिले के छेरकापुर से दुखद खबर मिली थी। यहां मधुमक्खी के हमले से पिता की मौत हो गई वहीं पत्नी और बेटा घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि, तीनों खेत में काम करने गए थे, इसी बीच एक बाज ने मधुमक्खियों के छत्ते पर चोंच मार दिया।
महिला और बेटे ने जैसे-तैसे बचाई जान
बाज के हमले से गुस्साई मधुमक्खियों ने पास के ही खेत में काम कर रहे पिता-पुत्र और महिला तीनों पर हमला कर दिया। दूर भागकर किसी तरह महिला और बेटे ने तो जैसे-तैसे मधुमक्खियों से पीछा छुड़ा लिया लेकिन 53 वर्षीय व्यक्ति उनके बीच फंस गया। मधुमक्खियों ने उसे इस कदर काटा कि, हास्पिटल पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही उसकी मौत हो गई। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छेरकापुर का है।








