Logo
छत्तीसगढ़ के फरसगांव में वन विभाग ने तेंदुआ खाल तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर भरमार बंदूक, कार, बाइक और 8 मोबाइल जब्त किए गए। वहीं सूरजपुर में करंट से हाथी की मौत मामले में भी कार्रवाई तेज।

कुलजोत सिंह संधु- फरसगांव। छत्तीसगढ़ के फरसगांव में वन विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल, तेंदुआ खाल तस्करी में वन विभाग ने बड़ा खुलासा किया है। भरमार बंदूक के साथ दो और आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आपको बता दें कि, कुल आरोपियों की संख्या 7 से बढ़कर 9 हो गई है। आरोपियों के कब्जे से एक तेंदुआ खाल, एक नग भरमार बंदूक, एक कार, एक बाइक, 8 मोबाइल जब्त किया गया है।  

मिली जानकारी के अनुसार, सभी आरोपी कोंडागांव, दंतेवाडा, बस्तर और नारायणपुर जिले के निवासी है। बताया जा रहा है कि, इन सभी आरोपियों को बड़ेडोंगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम में बैलगांव में पकड़ा गया है। 

पहले ही 7 आरोपियों को किया गया था गिरफ्तार
केशकाल वनमण्डलाधिकारी दिव्या गौतम के मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वन परिक्षेत्र बड़ेडोंगर के उप परिक्षेत्र भण्डारवंडी अंतर्गत ग्राम बैलगांव के समीप टीम ने घेराबंदी कर तेंदुए की खाल की तस्करी करते हुए 7 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। जिनकी संख्या अब 7 बढ़कर 9 हो चुकी है। 

ये हैं 7 आरोपियों के नाम
पकड़े गए आरोपियों में संहगो नेताम (ग्राम बनचपई), शंकर नेताम (ग्राम बनचपई), जंगा कर्मा (ग्राम दंतेवाड़ा), प्रदीप कुमार वेकू (ग्राम बाधमूंडी पनेड़ा, बस्तर), बामन मण्डावी (ग्राम पोंदूम, दंतेवाड़ा), सोनू कोर्राम (ग्राम चौडंग, थाना बेनूर) और संतोष कुमार कवासी (ग्राम बाघमूंडीपनेडा, थाना गीदम) शामिल हैं। वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

करंट से दंतैल हाथी की मौत
वहीं 15 मार्च को सूरजपुर जिले में नर दंतैल हाथी की करंट लगने से हुई मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि, आरोपी ने अपने खेतों की सुरक्षा के नाम पर अवैध रूप से बिजली प्रवाहित कर रखी थी, जिसकी चपेट में आकर हाथी की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत करंजवार गांव में कुछ दिनों पहले एक नर दंतैल हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले की जांच में खुलासा हुआ कि, हाथी की मौत बिजली के करंट से हुई थी।

2करंट की चपेट में आकर हाथी की मौत
वन विभाग की जांच में पता चला कि, गांव के ही निवासी रामलाल ने अपने खेतों के आसपास अवैध तरीके से बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था ताकि जंगली जानवर फसलों को नुकसान न पहुंचा सकें। इसी दौरान जंगल से निकलकर खेत की ओर पहुंचे नर दंतैल हाथी उस करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रामलाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

रेंजर और वनपाल को कारण बताओ नोटिस जारी
वहीं इस घटना में विभागीय लापरवाही सामने आने पर वन विभाग ने संबंधित बीट गार्ड को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में रेंजर और वनपाल को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि, अवैध रूप से खेतों में बिजली प्रवाहित करना गंभीर अपराध है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

7