Logo
महाशिवरात्रि पर रायपुर और राजिम में शिवभक्तों का सैलाब, शाही स्नान, शोभायात्रा और विशेष पूजा-अर्चना के बीच आज राजिम कुंभ कल्प के भव्य समापन में शामिल होंगे सीएम साय।

रायपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आज छत्तीसगढ़ में धार्मिक उत्साह चरम पर है। रायपुर से लेकर गरियाबंद के राजिम तक शिवभक्तों की बड़ी भीड़ उमड़ी है। सुबह से ही मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला जारी है, वहीं राजिम कुंभ कल्प का आज भव्य समापन होने जा रहा है। समापन समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। त्रिवेणी संगम के पवित्र तट पर शाही स्नान, धार्मिक अनुष्ठान और शोभायात्रा के साथ पूरा क्षेत्र आस्था में डूबा हुआ है।

राजिम कुंभ कल्प का भव्य समापन आज
माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक चलने वाला राजिम कुंभ कल्प आज अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। जिसका समापन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे, त्रिवेणी संगम में सुबह से श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या शाही स्नान के लिए उमड़ रही है। संगम तट पर मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना, दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों का दिव्य वातावरण बना हुआ है। नागा साधुओं, अखाड़ों के संत-महंतों और महामंडलेश्वरों की उपस्थिति से समापन समारोह और अधिक भव्य हो गया है। शाम तक यज्ञ, प्रवचन, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन चलता रहेगा।

Rajim Kumbh kalp 2026
राजिम कुंभ कल्प 2026

शिवालयों में उमड़ी श्रद्धा
रायपुर के शिवालयों में सुबह से शिवभक्तों की लंबी कतारें लगीं। महाशिवरात्रि पर चार प्रहर की पूजा का विशेष महत्व होने से मंदिरों में अलग ही रौनक नजर आई। 'हर-हर महादेव' के जयकारों से शहर के प्रमुख मंदिरों का वातावरण भक्तिमय रहा। जलाभिषेक करने और विशेष पूजा संपन्न करने के लिए भक्तों में भारी उत्साह देखा गया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अलग-अलग मंदिर परिसरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

रात्रि जागरण और शिव आराधना
महाशिवरात्रि की रात को शिव आराधना और भजन-कीर्तन की विशेष परंपरा है। इसी क्रम में रायपुर और आसपास के मंदिरों में आज रात्रि जागरण का आयोजन किया गया है। भक्त देर रात तक शिव नाम का गुणगान करेंगे और चारों प्रहर की पूजा में शामिल होंगे।

रायपुर और आसपास के प्रमुख मंदिरों में विशेष आयोजन

  • हटकेश्वर महादेव मंदिर

खारून नदी के तट पर स्थित हटकेश्वर महादेव मंदिर में आज विशेष आरती, अभिषेक और भव्य शाम आरती की तैयारी की गई है। नदी तट पर भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।

Hathkeshwar Shiv temple
हटकेश्वर महादेव (महादेव घाट)
  • बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर

बूढ़ा तालाब स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में चार प्रहर की पूजा, दीपदान और रात्रि जागरण की विस्तृत व्यवस्था की गई है। शाम के समय मंदिर परिसर दीपमालाओं से जगमगाएगा।

  • कुलेश्वर महादेव मंदिर

राजिम के समीप कुलेश्वर महादेव मंदिर में मेले का विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है। यहां भी भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन भक्तों को आकर्षित कर रहे हैं।

Kuleshwar Shiv temple
  • देवबलौदा मंदिर

देवबलौदा के प्राचीन शिव मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा है। मंदिर परिसर में दिनभर विशेष पूजा और शिव आराधना जारी है।

5379487