रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज बजट पेश होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक अहम X पोस्ट सामने आया, जिसमें उन्होंने इस बजट को ‘मील का पत्थर’ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 संकल्प का आभार व्यक्त किया। सीएम ने विश्वास जताया कि, यह तीसरा बजट राज्य को समावेशी, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ की ओर ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
सीएम साय का X पोस्ट
सीएम विष्णुदेव साय ने अपने पोस्ट में लिखा कि, उनका तीसरा बजट सरकार के समावेशी विकास के लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत कदम बनेगा। किसानों, युवाओं, गरीबों, मातृशक्ति और आदिवासी समाज को सशक्त करने के लिए प्राथमिकता-आधारित योजनाओं का संकेत भी दिया। उन्होंने यह भी कहा कि, 'माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को केंद्र में रखते हुए सरकार निरंतर काम कर रही है। आज का बजट हमारे ‘सुशासन से समृद्धि’ के मॉडल को मजबूत आधार देगा।' मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि वित्त वर्ष 2026-27 का बजट आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के नए दौर का मार्ग प्रशस्त करेगा।
सुशासन से समृद्धि की ओर...
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) February 24, 2026
विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला का बजट
आज हमारी सरकार का तीसरा बजट नवीन विधानसभा में प्रस्तुत होने जा रहा है। यह बजट हमारी सरकार के समावेशी विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी…
आज पेश होगा राज्य का तीसरा बजट
आज दोपहर 12:30 बजे नए विधानसभा भवन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी पेश करेंगे 2026-27 का बजट। राज्य सरकार के लिए यह बजट खास इसलिए है क्योंकि इसे नीति आधारित, व्यापक और भविष्य के विकास के लक्ष्य ‘विजन 2047’ के अनुरूप तैयार किया गया है।
छत्तीसगढ़ में जल बोर्ड गठन की दिशा में बड़ा कदम
बजट से ठीक पहले एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। राज्य सरकार दिल्ली, कर्नाटक और तमिलनाडु की तर्ज पर जल बोर्ड बनाने की तैयारी कर रही है।
ऐसा होगा नया जल बोर्ड
नगरीय प्रशासन विभाग ने मसौदा तैयार कर इसे वित्त विभाग को भेज दिया है। उम्मीद है कि बजट में इसका आधिकारिक ऐलान हो सकता है। जल बोर्ड की प्रमुख जिम्मेदारियाँ-
शहरों में घर-घर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति
सीवरेज प्रबंधन
14 नगर निगम क्षेत्रों से शुरुआत
आगे बड़े नगर पालिकाओं को भी जोड़ा जाएगा
विजन 2047 के अनुरूप शहरी जल संरचना को नया स्वरूप
आज छत्तीसगढ़ के लिए खास दिन
बजट के माध्यम से राज्य सरकार समग्र विकास को रफ्तार देने की दिशा में बड़े निर्णय लेने वाली है। सीएम साय द्वारा साझा किया गया पोस्ट इस बात का संकेत है कि बजट में ग्रामीण, शहरी, कृषि, जल प्रबंधन और सामाजिक उत्थान पर बड़े प्रावधान शामिल होने की संभावना है।









