Logo
जिले की दो अलग-अलग पंचायतों में शादी और भोज का कार्यक्रम उस वक्त त्रासदी में बदल गया, जब दावत खाकर लौटे दर्जनों ग्रामीण एक साथ बीमार पड़ गए। 

मैनपुर। गरियाबंद जिले की दो अलग-अलग पंचायतों में शादी और भोज का कार्यक्रम उस वक्त त्रासदी में बदल गया, जब दावत खाकर लौटे दर्जनों ग्रामीण एक साथ बीमार पड़ गए। फूड पॉइजनिंग का असर इतना भयावह है कि सोमवार सुबह होते ही गांवों में एम्बुलेंस के सायरन गूंजने लगे। अब तक 44 से अधिक ग्रामीणों के प्रभावित होने की पुष्टि हुई है, जिनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक,  ग्राम पंचायत आमदी द के आश्रित ग्राम मोहलाई के ग्रामीण कुटेना में आयोजित एक शादी समारोह के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहीं ग्राम पंचायत दर्रीपारा के बोइरगांव के ग्रामीण धवलपुर में आयोजित एक अन्य भोज कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। कल रात तक सब कुछ सामान्य था ग्रामीण हंसी खुशी दावत का आनंद लेकर अपने घर लौटे थे। 

उपस्वास्थ्य केंद्र कोसमी में मरीजों का इलाज जारी 
सोमवार सुबह जैसे ही सूरज की पहली किरण पड़ी ग्रामीणों की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई देखते ही देखते उल्टी दस्त और तेज पेट दर्द ने विकराल रूप ले लिया। इसके बाद अस्पताल में सूचना दी गई। मरीजों की संख्या बढ़ने पर एंबुलेंस गांव आने लगी। मोहलाई आमदी पंचायत यहां के 17 ग्रामीण गंभीर रूप से बीमार हैं बोइरगांव दर्रीपारा पंचायत यहाँ स्थिति और भी चिंताजनक है जहां 27 ग्रामीणों की हालत बिगड़ी है वर्तमान में उपस्वास्थ्य केंद्र कोसमी में मरीजों का इलाज जारी है अस्पताल में मरीजों का इलाज जारी है।

स्थिति नियंत्रण में : सीएमओ
सीएमओ वीएस नवरत्न ने बताया कि,  मामले की सूचना के बाद डॉक्टरों के साथ स्वास्थ्य कर्मियों का दल कोसमी सेक्टर में ड्यूटी पर लगाया गया है। पीड़ितों का उपचार किया जा रहा है। अब तक 40 से ज्यादा लोगों का उपचार किया गया है। स्थिति नियंत्रण में है।

सरपंचों ने संभाला मोर्चा, घर- घर जांच
इस विपदा की घड़ी में स्थानीय जनप्रतिनिधि ढाल बनकर खड़े हो गए हैं आमदी पंचायत के सरपंच आत्माराम नेताम और दर्रीपारा के सरपंच राजकुमार सोरी खुद मौके पर मौजूद हैं वे न केवल मरीजों की देखरेख कर रहे हैं बल्कि स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर बेहतर इलाज सुनिश्चित कर रहे हैं। प्रशासनिक हलकों में भी इस घटना के बाद हड़कंप मच गया है स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीमें प्रभावित गांवों मोहलाई और बोइरगांव में घर घर जाकर सर्वे कर रही हैं ताकि दबे हुए लक्षणों वाले मरीजों को तुरंत उपचार दिया जा सके। 

5379487