राजा शर्मा - डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रांका में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना खतरनाक था कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे दीवार से जा टकराई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की स्पीड काफी अधिक थी। अचानक संतुलन बिगड़ने पर वाहन सीधे दीवार से टकरा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अगर बाइक की रफ्तार नियंत्रित होती तो शायद दोनों की जान बच सकती थी।

ओवर स्पीड पर लगाम कहां?
हादसे ने एक बार फिर पुलिस की वाहनों पर नियंत्रण और ओवर स्पीड रोकने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ओवर स्पीड कंट्रोल अभियान सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गए हैं। रात के समय शहर और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की तेज रफ्तार पर कोई प्रभावी निगरानी नहीं दिखती। अगर सख्त कार्रवाई होती, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।
लगातार बढ़ रहे हादसे
डोंगरगढ़ में पिछले कुछ महीनों से सड़क हादसों और अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार है। हादसे के बाद अब सवाल यह है कि-
- जिम्मेदारी कौन लेगा?
- क्या पुलिस की सख्ती सिर्फ कागजों तक सीमित है?
- कब लगेगी ओवर स्पीड पर प्रभावी रोक?
लोगों की मांग है कि विभाग अब केवल बयानबाजी न करे, बल्कि जमीनी स्तर पर पुख्ता कदम उठाए ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं रोकी जा सकें।








