Logo
अभनपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर लाश जमीन में गाड़ने का मामला सामने आया है।

रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर लाश जमीन में गाड़ने का मामला सामने आया है। जमीन के बाहर युवक के हाथ तथा पैर बाहर निकलने पर लोगों को जमीन में लाश गड़ी होने की जानकारी मिली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस, फोरेंसिक एक्सपर्ट के साथ डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर जांच करने पहुंची। मृतक की शिनाख्त रायपुर, शदाणी दरबार निवासी नितेश बत्रा (25) के रूप में हुई है। मृतक थोक अनाज मंडी में आलू-प्याज की पार्किंग का काम देखता था। पुलिस के अनुसार नितेश की लाश भरेंगा भाठा, पाटन रोड के पास एक खार में शनिवार को गाड़े जाने की जानकारी मिली। मृतक की पहचान उसके हाथ में बने टैटू के आधार पर की गई। 

पुलिस के अनुसार , नितेश के परिजनों ने 18 मार्च को माना थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि नितेश 16 मार्च को घर में किसी को बताए बगैर गायब हो गया है। थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के तीन बाद खार में लाश मिली। परिजनों ने किसी पर हत्या करने का अब तक संदेह व्यक्त नहीं किया है। घटना स्थल पर पुलिस तथा फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को किसी भी प्रकार के संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि अज्ञात बदमाशों ने नितेश की किसी अन्य स्थान पर हत्या कर साक्ष्य छिपाने लाश सूनासान इलाके के खार में छिपा दी। हत्यारों ने महज दो से ढाई फीट गड्डा कर लाश को गाड़ दिया था। इस वजह से लाश के हाथ तथा पैर गड्ढे से बाहर आ गए।

हत्या के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की हत्या किसने और क्यों की। पुलिस, मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है और उसके संपकों, गतिविधियों व संभावित विवादों की जानकारी जुटा रही है। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम ने नमूने एकत्र किए हैं, वहीं डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के क्षेत्र में सुराग तलाशे जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच लेन-देन, प्रेम प्रसंग तथा आपसी रंजिश के एंगल से कर रही है।

7